किशनगंज। बिहार के किशनगंज में दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, एक महिला गृहरक्षक के एक दिन के वेतन में कटौती का आदेश दिया गया है। इसके अलावा बहादुरगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार से दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। किशनगंज पुलिस की के मुताबिक, दुर्गा पूजा के दौरान विभिन्न पूजा स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे पुलिसकर्मियों की ड्यूटी की जांच की गई। इस दौरान कई पुलिसकर्मी अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों का पालन करते नहीं मिले। जांच में लापरवाही सामने आने के बाद संबंधित कर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई।
पूजा स्थल पर मोबाइल चलाते और सोते मिले पुलिसकर्मी
रुईधासा पूजा स्थल पर तैनात प्रशिक्षु पीटीसी सुनील कुमार बिना नेम प्लेट लगाए वर्दी में कुर्सी पर बैठकर मोबाइल चलाते मिले। इसे ड्यूटी में गंभीर लापरवाही मानते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया। इसी पूजा स्थल पर ड्यूटी के दौरान कुर्सी पर सोते पाए जाने पर सिपाही वशिष्ठ नारायण कुमार को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया।
ड्यूटी से अनुपस्थित मिलने पर कार्रवाई
पौआखाली दुर्गा मंदिर में ड्यूटी से गायब मिले प्रशिक्षु पीटीसी रितेश कुमार को निलंबित कर दिया गया। वहीं, पूरबपल्ली दुर्गा पूजा स्थल पर ड्यूटी से अनुपस्थित पाई गई महिला गृहरक्षक हिन्डीया मरांडी के एक दिन के वेतन में कटौती का आदेश दिया गया है।
थानाध्यक्ष से दो दिन में जवाब तलब
बहादुरगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार जांच के दौरान थाना क्षेत्र में विशेष प्रातः गश्ती करते नहीं पाए गए। इस मामले में उनसे दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। किशनगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं।

