किशनगंज। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक हॉस्टल के कमरे में 23 वर्षीय नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से हड़कंप मच गया है। मृतका की पहचान पश्चिम बंगाल के गुंजारिया निवासी तंजलि के रूप में हुई है, जो रेडिएंट ग्रुप के नर्सिंग संस्थान में रहकर अपनी पढ़ाई और ट्रेनिंग कर रही थी। इस घटना के बाद से मृतका के परिवार और मंगेतर ने इसे आत्महत्या मानने से साफ इंकार कर दिया है और हॉस्टल प्रबंधन तथा मृतका के बॉयफ्रेंड पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
प्रेम प्रसंग और व्हाट्सएप स्टेटस का एंगल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तंजलि करीब 6 महीने से इस हॉस्टल में रह रही थी। ट्रेनिंग के दौरान उसकी पहचान संस्थान में ही काम करने वाले कंपाउंडर राहुल से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की नजदीकियां बढ़ीं और वे एक-दूसरे को डेट करने लगे। बताया जा रहा है कि घटना से ठीक दो दिन पहले दोनों पश्चिम बंगाल घूमने भी गए थे। घटना की रात तंजलि ने एक गाना तुझे कैसे बताऊं कितना जरूरी तेरा प्यार है…पर लिप्सिंग करते हुए अपना व्हाट्सएप स्टेटस लगाया था। इसके अलावा उसने एक अन्य स्टेटस में खुद के ठीक होने की बात भी साझा की थी।
बॉयफ्रेंड के फोन कॉल से हुआ खुलासा
मृतका की सहेली गुल्फा और परिजनों के मुताबिक, घटना के दिन राहुल ने अचानक तंजलि की सहेली को फोन किया और कहा कि जाकर देखो तंजलि ने कुछ कर लिया है, वह फोन नहीं उठा रही है। जब सहेली मौके पर पहुंची तो कमरा अंदर से बंद था। दरवाजा खोलने पर तंजलि का शव फंदे से लटका हुआ मिला। परिजनों का सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि राहुल वहां मौजूद नहीं था, तो उसे इतनी जल्दी कैसे पता चल गया कि तंजलि ने आत्महत्या कर ली है या वह खतरे में है।
परिवार और मंगेतर के गंभीर आरोप
तंजलि की एक साल पहले रजा बुल नामक युवक से सगाई हुई थी और दोनों की लगातार बातचीत होती थी। मंगेतर का कहना है कि घटना वाली रात भी उसकी तंजलि से बात हुई थी और तय योजना के मुताबिक वे दोनों सर्टिफिकेट लेने रायगंज जाने वाले थे। सुबह अचानक तंजलि की मौत की खबर सामने आ गई।
मृतका के मामा फैयाज आलम और दादा ने हॉस्टल के मकान मालिक और राहुल पर हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है जिसे फंदे पर लटकाकर आत्महत्या का रूप दिया गया है। उन्होंने हॉस्टल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल उठाया है, क्योंकि इतनी बच्चियों के रहने वाले इस हॉस्टल में न तो कोई गार्ड तैनात था और न ही एक भी सीसीटीवी कैमरा लगाया गया था।
पुलिस कार्रवाई और वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमॉर्टम
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की मांग थी कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और शव का पोस्टमॉर्टम मजिस्ट्रेट की निगरानी तथा वीडियोग्राफी के साथ कराया जाए। टाउन थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार ने जानकारी दी है कि परिजनों की सभी मांगों को मानते हुए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी और पूरी वीडियोग्राफी प्रक्रिया के तहत शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है, ताकि मौत के असली कारणों का खुलासा हो सके।


