किशनगंज। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज हो रहा है। इसी कड़ी में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारी मात्रा में ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को धर दबोचा है। गिरफ्तार आरोपी के पास से बरामद ब्राउन शुगर की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।
एएनटीएफ और बहादुरगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले भर में नशीले पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और बहादुरगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि इलाके में मादक पदार्थों की बड़ी खेप की डिलीवरी होने वाली है। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बहादुरगंज स्थित अली हुसैन चौक पर घेराबंदी की और संदिग्ध अवस्था में घूम रहे मो. राजा खान को हिरासत में ले लिया।
51.43 ग्राम ब्राउन शुगर और मोबाइल फोन बरामद
सघन तलाशी के दौरान आरोपी मो. राजा खान के पास से 51.43 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के काले कारोबार में संलिप्त था। मोबाइल फोन से कई महत्वपूर्ण सुराग और संपर्क नंबर पुलिस के हाथ लगे हैं।
सप्लाई चेन और अवैध संपत्ति की जब्ती की तैयारी
मामले में पुलिस ने बहादुरगंज थाना में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपी से मिली जानकारियों के आधार पर नशा तस्करी के इस पूरे नेटवर्क, इसके मुख्य स्रोत और सप्लाई चेन को खंगालने में जुटी है। इसके साथ ही, पुलिस प्रशासन तस्करों द्वारा अपराध के जरिए अर्जित की गई अवैध संपत्ति का ब्योरा जुटाकर उसे जब्त करने की दिशा में भी कदम उठा रहा है, ताकि इस नशीले कारोबार की रीढ़ तोड़ी जा सके।

