किशनगंज। बिहार में अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। इसी कड़ी में किशनगंज में बुधवार देर रात पुलिस और बाइक चोर गिरोह के बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात अपराधी के पैर में गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस टीम पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
किशनगंज के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत फरीनगोला रेलवे फाटक के समीप चौहान बस्ती में पुलिस को बाइक चोरी गिरोह के सक्रिय होने की गुप्त सूचना मिली थी। तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के आधार पर जब पुलिस टीम ने घेराबंदी की, तो अपराधी पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश करने लगे।
इस दौरान मुख्य आरोपी पवन कुमार उर्फ ‘चिंटू’ ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जान बचाने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इस मुठभेड़ में एक गोली पवन कुमार के पैर में लगी, जिसके बाद वह असहाय होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दबोच लिया। घटना में दो सब-इंस्पेक्टर (SI) भी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। गिरफ्तार अपराधी का भी इलाज पुलिस अभिरक्षा में चल रहा है।
10 से अधिक मामले हैं दर्ज
एसपी संतोष कुमार ने बताया कि घायल पवन कुमार एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ किशनगंज समेत अन्य जिलों में 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में भी जेल जा चुका है। कुछ दिन पहले उसकी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी, जिसके बाद से पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी। सूचना थी कि वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में अपने साथियों का इंतजार कर रहा था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक बड़ी घटना को टाल दिया।
48 घंटों में 5वां एनकाउंटर
यह घटना प्रदेश में बिगड़ते कानून-व्यवस्था के खिलाफ पुलिस की सख्ती को दर्शाती है। ‘सम्राट सरकार’ के कार्यकाल में पिछले 48 घंटों के भीतर यह 5वां एनकाउंटर है। इससे पहले समस्तीपुर, पटना और सीवान में भी पुलिस ने अपराधियों के साथ मुठभेड़ के दौरान उन्हें घायल कर गिरफ्तार किया है।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी विशाल राज और एसपी संतोष कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घटना स्थल की जांच के लिए FSL की टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि बाकी फरार साथियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें भी जल्द सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

