किशनगंज। चाय पत्ती मिल में काम करने वाली एक 18 वर्षीय युवती को शादी का झांसा देकर लगातार दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता के गर्भवती होने के बाद आरोपी युवक नौकरी छोड़कर केरल भाग गया और अबॉर्शन कराने का दबाव बनाने लगा। स्थानीय स्तर पर न्याय न मिलने पर पीड़िता ने महिला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
मिल में हुई थी दोस्ती, फिर शुरू हुआ शोषण
टाउन थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता के पिता का निधन हो चुका है। परिवार का गुजारा चलाने के लिए वह एक चाय पत्ती मिल में मजदूरी करती थी। इसी मिल में उसकी मुलाकात सिमलबाड़ी निवासी मोनू मूर्मू (पिता: पलटन मूर्मू, उम्र: 20 वर्ष) से हुई। धीरे-धीरे दोनों की पहचान गहरी दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई।
आरोप है कि मोनू ने उसे शादी का झांसा दिया और काम के बाद घर लौटने के दौरान सुनसान जगह पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब भी पीड़िता ने शादी की बात उठाई, वह टालमटोल करता रहा।
केरल भागा आरोपी, गर्भपात का बना रहा दबाव
गत 17 अप्रैल को मोनू मिल की नौकरी छोड़कर केरल भाग गया। जाते वक्त उसने वादा किया था कि केरल से लौटने के बाद वह उससे शादी कर लेगा। इस बीच, पीड़िता को अपने गर्भवती होने की बात पता चली। जब उसने फोन पर मोनू को यह जानकारी दी, तो वह भड़क गया और गर्भपात (अबॉर्शन) कराने का दबाव डालने लगा। पीड़िता के इनकार करने पर मोनू ने 16 सितंबर से उससे बातचीत पूरी तरह बंद कर दी।
परिजनों ने की मारपीट और हत्या की धमकी
हार मानकर पीड़िता 18 सितंबर को मोनू के घर पहुंची और न्याय की गुहार लगाई। आरोप है कि मोनू के परिवारवालों ने उसके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया। स्थानीय स्तर पर हुई पंचायती में भी कोई हल नहीं निकला। इसके बाद डरी-सहमी पीड़िता ने महिला थाने का रुख किया।
पुलिस जांच में जुटी
महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता की लिखित शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

