किशनगंज। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत आर्थिक अपराध इकाई (EOW) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। किशनगंज के पूर्व SDPO गौतम कुमार के बाद अब टाउन थाना प्रभारी (SHO) अभिषेक रंजन जांच के घेरे में आ गए हैं। आय से अधिक संपत्ति के मामले में EOW की 9 सदस्यीय टीम ने मंगलवार सुबह 8 बजे से उनके किशनगंज, पटना और छपरा स्थित 5 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
सरकारी आवास से कैश
किशनगंज स्थित अभिषेक रंजन के सरकारी आवास और चेंबर की तलाशी के दौरान टीम को 6.75 लाख रुपये नकद मिले हैं। जांच में सबसे चौंकाने वाला खुलासा एक डायरी से हुआ है, जो आवास के पास झाड़ियों से बरामद की गई। इस डायरी में सिंडिकेट के साथ लेन-देन और कई सफेदपोशों के नामों का जिक्र है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि थाना के मुंशी और ड्राइवर हरेंद्र के माध्यम से अवैध वसूली और रुपयों का हेरफेर किया जाता था।
सिलीगुड़ी से पटना तक फैला साम्राज्य
अभिषेक रंजन के खिलाफ 1 करोड़ 70 लाख 22 हजार रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति अर्जित करने का केस दर्ज है। छापेमारी में सिलीगुड़ी (दार्जिलिंग रोड) में 6 कट्ठा कीमती जमीन के कागजात मिले हैं। इसके अलावा:
- पटना के शाहपुर में एक आलीशान मकान और दो स्थानों पर जमीन।
- गोपालपुर और गौरीचक इलाके में भी अचल संपत्ति के साक्ष्य।
- पटना के रामकृष्णा नगर स्थित आवास पर घंटों तलाशी ली गई।
जमींदार पृष्ठभूमि और माफिया से साठगांठ
2009 बैच के दरोगा अभिषेक रंजन मूल रूप से छपरा (सारण) के पैगा गांव के एक पुराने जमींदार परिवार से ताल्लुक रखते हैं। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि वे अब गांव कम ही आते हैं और मुख्य सड़क पर नया मकान बनवा रहे थे। सूत्रों के अनुसार, उनके संबंध भू-माफियाओं और स्थानीय सिंडिकेट से थे। विभागीय जांच के चलते किशनगंज एसपी ने उन्हें पहले ही पद से हटा दिया था।
पुलिस विभाग में हड़कंप
किशनगंज में महज 15 दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी रेड है। 31 मार्च को पूर्व SDPO के यहां हुई छापेमारी के बाद अब थाना प्रभारी पर गिरी गाज ने पुलिस महकमे को हिला कर रख दिया है। फिलहाल, EOW की टीम जब्त दस्तावेजों, बैंक खातों और निवेश के कागजातों को खंगाल रही है, जिससे संपत्ति का आंकड़ा और बढ़ने की उम्मीद है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

