IPL 2026: आईपीएल सीजन 19 के 35वें मुकाबले में केएल राहुल ने बल्ले से ऐसा तूफान मचाया, जिसने कई बड़े रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज राहुल ने पंजाब किंग्स के खिलाफ महज 47 गेंदों में आईपीएल करियर का छठा शतक जड़ते हुए 67 गेंदों पर नाबाद 152 रन की ऐतिहासिक पारी खेली। उनकी इस विस्फोटक इनिंग्स में 12 चौके और 6 छक्के शामिल रहे, जिसने मुकाबले का रुख पूरी तरह बदल दिया।

इस पारी के साथ राहुल ने आईपीएल में कई दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया। उन्होंने एमएस धोनी और सुरेश रैना को पछाड़ते हुए टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में पांचवें स्थान पर जगह बना ली। मैच से पहले धोनी को पीछे छोड़ने के लिए उन्हें सिर्फ 13 रन चाहिए थे, जिसे उन्होंने शुरुआती ओवरों में ही पूरा कर लिया। वहीं, 102 रन तक पहुंचते ही उन्होंने रैना को भी पीछे छोड़ दिया।
अब आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में विराट कोहली, रोहित शर्मा, शिखर धवन और डेविड वार्नर के बाद राहुल पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं।
IPL में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
विराट कोहली – 8989
रोहित शर्मा – 7183
शिखर धवन – 6769
डेविड वार्नर – 6565
केएल राहुल – 5579
सुरेश रैना – 5528
एमएस धोनी – 5439
आईपीएल इतिहास में तीसरी सबसे बड़ी पारी

इतना ही नहीं, राहुल आईपीएल इतिहास में 150 या उससे अधिक रन बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज भी बन गए हैं। उनकी 152* रन की पारी अब टूर्नामेंट की तीसरी सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी है। उनसे आगे सिर्फ क्रिस गेल और ब्रेंडन मैकुलम हैं। इस सूची में उन्होंने अभिषेक शर्मा और क्विंटन डी कॉक जैसे खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया।
IPL में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले खिलाड़ी
क्रिस गेल – 175* रन बनाम पुणे वॉरियर्स इंडिया (साल 2013)
ब्रैंडन मैकुलम – 158* रन बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (साल 2008)
केएल राहुल – 152* रन बनाम पंजाब किंग्स (साल 2026)
अभिषेक शर्मा – 141 रन बनाम पंजाब किंग्स (साल 2025)
क्विंटन डी कॉक – 140 रन बनाम लखनऊ सुपर जाएंट्स (साल 2022)
राहुल ने इस मैच में नीतीश राणा के साथ मिलकर 220 रनों की जबरदस्त साझेदारी भी की, जिसकी बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 2 विकेट पर 264 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
टी20 फॉर्मेट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय खिलाड़ी
टी20 क्रिकेट की बात करें तो राहुल अब भारत के सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने किसी मैच में 150+ रन बनाए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि तिलक वर्मा ने 2024 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में हासिल की थी।

केएल राहुल – 152 रन बनाम पंजाब किंग्स (साल 2026)
तिलक वर्मा – 151 रन बनाम मेघालय (साल 2024)
अभिषेक शर्मा – 148 रन बनाम बंगाल (साल 2025)
श्रेयस अय्यर – 147 रन बनाम सिक्किम (साल 2019)
पुनीत बिष्ट – 146 रन बनाम मिजोरम (साल 2021)
राहुल की यह पारी न सिर्फ उनके करियर की सबसे बेहतरीन पारियों में शामिल हो गई है, बल्कि आईपीएल इतिहास में भी इसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

