जयनगर (कोडरमा)। जयनगर थाना क्षेत्र के पेठियाबागी में गुरुवार रात कुएं में डूबने से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान दीपक साव उर्फ कल्लू साव के रूप में हुई है। घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है।
दुकान बंद कर घर पहुंचा था कल्लू
जानकारी के अनुसार, कल्लू साव राशन की दुकान चलाता था। गुरुवार रात दुकान बंद करने के बाद वह घर पहुंचा। कुछ देर बाद किसी बात को लेकर पत्नी से उसका विवाद हो गया। ग्रामीणों के मुताबिक, विवाद के बाद वह गुस्से में घर के आंगन में बने कुएं में कूद गया।
तैरना जानता था, इसलिए लोगों ने नहीं दी ज्यादा तवज्जो
बताया गया कि कल्लू को तैरना आता था। इसी वजह से परिजनों और ग्रामीणों को शुरुआत में ज्यादा चिंता नहीं हुई। उन्हें लगा कि वह कुछ देर बाद खुद कुएं से बाहर आ जाएगा। लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी जब वह बाहर नहीं आया तो लोग कुएं के पास पहुंचे।
कुएं में देखने पर कल्लू पानी की सतह पर स्थिर नजर आया। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकाला गया और जयनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए सदर अस्पताल कोडरमा रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता बोले- पैर फिसलने से कुएं में गिरा
घटना को लेकर मृतक के पिता छोटन साव ने अलग जानकारी दी है। उनका कहना है कि कल्लू दुकान से घर आने के बाद कुएं के पास हाथ-पैर धोने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने पहले भी कुएं में कूदने की बात कही
ग्रामीणों के अनुसार, कल्लू का पत्नी के साथ अक्सर विवाद होता था। उनका दावा है कि इससे पहले भी वह गुस्से में कुएं में छलांग लगा चुका था और बाद में खुद बाहर निकल आया था। गुरुवार रात भी लोगों ने शुरुआत में यही समझा कि वह खुद बाहर आ जाएगा, लेकिन काफी देर तक उसके नहीं निकलने पर तलाश शुरू की गई।
पुलिस कर रही घटना की जांच
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। मृतक अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गया है।



