कोडरमा। झारखंड के कोडरमा में लगातार हो रही बारिश के चलते हालात बिगड़ने लगे हैं। पिछले 24 घंटे में जिले में 35 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है। तेज बारिश के कारण नदी-नाले और जलस्रोतों का जलस्तर बढ़ गया है, जबकि कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है।बारिश का असर डैमों पर भी दिख रहा है। जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।

सतगावां में सकरी नदी का रौद्र रूप

सतगावां क्षेत्र में सकरी नदी का बहाव काफी तेज हो गया है। जिले की प्रमुख नदियों में शामिल सकरी के उफान पर आने के बाद नदी के आसपास रहने वाले लोगों में डर का माहौल है।

चंदवारा में गोरी नदी भी तेज

इधर, चंदवारा की गोरी नदी भी तेज धार के साथ बह रही है। लगातार बारिश के चलते नदी का जलस्तर बढ़ता जा रहा है। इससे आसपास के इलाकों में भी जलभराव और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

प्रशासन की बढ़ी निगरानी

लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। नदी और डैम के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी होने पर निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। मौसम का मिजाज ऐसा ही रहा तो आने वाले घंटों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।