Koli Samaj Annual Conference Nuh : सोनू वर्मा, नूंह। नूंह के खेड़ला स्थित सद्भावना मंडप में रविवार को कोली समाज जागरूकता एकता मंच का द्वितीय वार्षिक सम्मेलन एवं समाज गौरव सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज की एकता, शिक्षा और सामाजिक कुरीतियों को दूर करने पर जोर दिया गया। मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी एवं पूर्व जिला पार्षद जगन सिंह कोली ने समाज के लोगों से बच्चों को शिक्षित बनाने, संगठित रहने और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों पर चलने का आह्वान किया।

शिक्षा और एकता से होगा समाज का उत्थान

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व डिप्टी कमांडेंट एवं जिला अध्यक्ष सूबे सिंह ने की। ब्रह्मचारी सुरेंद्र मंत्री, उपाध्यक्ष नरेश कुमार और खेमचंद चौहान ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और महात्मा बुद्ध की प्रतिमाओं के सामने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान आयोजकों ने जगन सिंह कोली का फूल-मालाओं और पगड़ी से स्वागत किया।

समाज के लोगों को संबोधित करते हुए जगन सिंह कोली ने कहा कि समाज की तरक्की के लिए एकजुट होना और बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाना जरूरी है। सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर ही समाज आगे बढ़ सकता है। उन्होंने बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने और उनके विचारों को जीवन में अपनाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि समाज में बिखराव के कारण लोगों को नुकसान उठाना पड़ता है। ऐसे में सभी को एक मंच पर आकर अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर प्रयास करना चाहिए। समाज का उत्थान तभी संभव है, जब लोग आपसी मतभेद भुलाकर शिक्षा और विकास को प्राथमिकता देंगे।

बाबा साहेब के विचारों को अपनाने पर जोर

सम्मेलन में वक्ताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के सामाजिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने शिक्षा, संगठन और संघर्ष को सामाजिक बदलाव का आधार बनाया। उन्होंने संविधान के माध्यम से समानता, स्वतंत्रता और न्याय के सिद्धांतों को मजबूत किया तथा छुआछूत और जातिगत भेदभाव के खिलाफ संघर्ष किया।

वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब के विचार आज भी समाज को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। शिक्षा के प्रसार, सामाजिक एकता और कुरीतियों को दूर करने के प्रयासों से ही वंचित वर्गों को विकास के बेहतर अवसर मिल सकते हैं।

106 वर्षीय भूरी देवी सहित प्रतिभाओं का सम्मान

समारोह में समाज की 106 वर्षीय बुजुर्ग भूरी देवी और 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को पगड़ी पहनाकर तथा स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा बीएएमएस में चयन होने पर सपना, पुत्री रघुबीर, को भी सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के माध्यम से बुजुर्गों के प्रति आदर और शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं का उत्साह बढ़ाया गया।

कार्यक्रम में प्रो. महेंद्र सिंह, नानक चंद, डॉ. सीताराम, समय सिंह सलम्बा, गिर्राज प्रसाद पिनगवां, मेघवाल समाज डीग के अध्यक्ष जगराम, प्रह्लाद, प्रो. सोनू चौहान, युवा एकता टीम चैरिटेबल ट्रस्ट की अध्यक्ष रजनी, पूर्व सरपंच अंजूबाला और सेवानिवृत्त मुख्य अध्यापक खेमचंद सहित अन्य वक्ताओं ने विचार रखे।

इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र, कैलाश, राकेश सरपंच, मास्टर प्यारेलाल, विश्राम सेक्रेटरी सहित समाज के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m