KKR vs DC IPL 2026: आईपीएल सीजन 19 के लीग स्टेज के आखिरी मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) आमने-सामने हैं। कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। KKR ने इस मुकाबले में अपनी प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया है। जबकि, DC ने अपनी प्लेइंग 11 में 2 बदलाव किये है। आकिब नबी को मुकेश कुमार की जगह मौका मिला है। वहीं, त्रिपुराणा विजय की जगह कुलदीप यादव की वापसी हुई है।

KKR के लिए करो या मरो वाला मुकाबला

KKR के लिए यह मैच बेहद अहम है, क्योंकि टीम की प्लेऑफ की उम्मीदें अभी भी जिंदा हैं। हालांकि KKR की किस्मत सिर्फ अपनी जीत पर नहीं, बल्कि मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के मुकाबले के नतीजे पर भी टिकी हुई है।

बता दें कि KKR ने इस सीजन अब तक 13 मुकाबलों में 13 अंक हासिल किए हैं और टीम अंक तालिका में छठे स्थान पर मौजूद है। अगर राजस्थान रॉयल्स (RR) दोपहर में मुंबई इंडियंस (MI) से हार जाती है और KKR शाम को DC को हरा देती है तो उसके भी पंजाब की तरह 15 अंक हो जाएंगे। ऐसे में प्लेऑफ में पहुचने वाली टीम का फैसला रन रेट के आधार पर होगा। हालांकि, KKR के लिए प्लेऑफ का समीकरण बिल्कुल ‘करो या मरो’ या यूं कहें कि ‘चमत्कार करने’ जैसा हो चुका है।

वहीं दूसरी ओर अक्षर पटेल की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स का प्लेऑफ का सपना टूट चुका है। शनिवार को पंजाब किंग्स की जीत के बाद दिल्ली आधिकारिक तौर पर टूर्नामेंट से बाहर हो गई। टीम फिलहाल 13 मैचों में 12 अंक के साथ आठवें स्थान पर है। हालांकि दिल्ली अपनी आखिरी लीग मैच में जीत दर्ज कर सम्मान के साथ सीजन खत्म करना चाहेगी।

कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच यह अहम मुकाबला आज शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। प्लेऑफ की उम्मीदों से जुड़े इस मैच से पहले दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड, पिच रिपोर्ट, संभावित प्लेइंग इलेवन और लाइव स्ट्रीमिंग समेत सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।

KKR vs DC हेड टू हेड रिकॉर्ड

आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच हमेशा रोमांचक मुकाबले देखने को मिले हैं। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 35 मैच खेले गए हैं, जिनमें KKR का दबदबा देखने को मिला है। KKR ने 20 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि DC को 14 मैचों में सफलता मिली है। वहीं एक मुकाबला टाई भी रहा है।

ईडन गार्डन्स स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

कोलकाता का ईडन गार्डन्स स्टेडियम आईपीएल के सबसे ऐतिहासिक और हाई स्कोरिंग मैदानों में गिना जाता है। यहां अब तक आईपीएल के कुल 106 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें से दो मैच बारिश की वजह से बेनतीजा रहे, जबकि बाकी मुकाबलों में टीमों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली है। आंकड़ों पर नजर डालें तो इस मैदान पर लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आता है। यहां 60 मैच रन चेज करने वाली टीमों ने जीते हैं, जबकि पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों को 44 मुकाबलों में सफलता मिली है।

ईडन गार्डन्स में टॉस का असर ज्यादा देखने को नहीं मिलता। यहां टॉस जीतने वाली टीमों ने 53 मुकाबले जीते हैं, जबकि टॉस हारने वाली टीमों ने भी 51 मैच अपने नाम किए हैं। हालांकि दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीमों को यहां थोड़ा फायदा जरूर मिलता है। आईपीएल 2026 के आंकड़ों पर नजर डालें तो अब तक खेले गए पांच मुकाबलों में तीन बार लक्ष्य का सफल पीछा हुआ है। वहीं जिन मैचों में पहली पारी में 200 से ज्यादा रन बने, वहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने जीत दर्ज की।

इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 165 रन से ज्यादा का रहा है। हालांकि मौजूदा दौर के टी-20 क्रिकेट और इम्पैक्ट प्लेयर नियम को देखते हुए यह स्कोर अब सुरक्षित नहीं माना जाता। ऐसे में यहां 190 या उससे ज्यादा का स्कोर ही मजबूत स्थिति माना जा सकता है।

तेज गेंदबाजों को मिलती है थोड़ा ज्यादा मदद

अगर गेंदबाजों की बात करें तो ईडन गार्डन्स में तेज गेंदबाजों को थोड़ा ज्यादा मदद मिलती है। यहां करीब 58 फीसदी विकेट तेज गेंदबाजों ने हासिल किए हैं, जबकि स्पिनरों के खाते में लगभग 42 फीसदी विकेट आए हैं। गेंदबाजों का औसत इकॉनमी रेट 8.59 का रहा है और एक विकेट लेने के लिए उन्हें औसतन 28 रन खर्च करने पड़ते हैं। कुल मिलाकर यह पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है, लेकिन सही लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी करने वाले गेंदबाज भी मैच में बड़ा असर छोड़ सकते हैं।

KKR को क्वालीफाई के लिए करना होगा ये काम

KKR के लिए प्लेऑफ का समीकरण अब बेहद मुश्किल हो गया है। टीम के 13 मैचों में 13 अंक और +0.011 का नेट रन रेट है, जबकि पंजाब किंग्स 15 अंक और +0.309 NRR के साथ चौथे स्थान पर मौजूद है। ऐसे में कोलकाता को सिर्फ दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जीत ही नहीं, बल्कि बड़ी जीत भी दर्ज करनी होगी।

अगर KKR पहले बल्लेबाजी करती है, तो उसे दिल्ली को करीब 75 से 80 रन के बड़े अंतर से हराना होगा। वहीं अगर टीम लक्ष्य का पीछा करती है और सामने 180 रन का टारगेट होता है, तो उसे यह स्कोर लगभग 12 ओवर के भीतर हासिल करना होगा। तभी कोलकाता का नेट रन रेट पंजाब से बेहतर हो पाएगा और टीम प्लेऑफ में पहुंच सकेगी।

KKR और DC की प्लेइंग 11

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)

अजिंक्य रहाणे (कप्तान), मनीष पांडे, कैमरून ग्रीन, रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, तेजस्वी दहिया (विकेटकीपर), अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, सौरभ दुबे, वरुण चक्रवर्ती, कार्तिक त्यागी

इम्पैक्ट प्लेयर: फिन एलन, सार्थक रंजन, वैभव अरोड़ा, रमनदीप सिंह, राहुल त्रिपाठी

दिल्ली कैपिटल्स (DC)

अभिषेक पोरेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), साहिल पारख, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, माधव तिवारी, औकिब नबी डार, मिशेल स्टार्क, लुंगी एनगिडी

इम्पैक्ट प्लेयर: त्रिपुराना विजय, समीर रिज़वी, विप्रज निगम, नितीश राणा, कुलदीप यादव

कहां देख सकेंगे लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के इस मुकाबले का लाइव प्रसारण दर्शक टेलीविजन पर शाम 7:30 बजे से Star Sports के चैनलों पर देख सकते हैं। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम डॉट कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर देख सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H