अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के मुख्य समारोह की तैयारियों के लिए कोलकाता का प्रमुख मार्ग रेड रोड 14 जून से बंद है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना है। सड़क बंद होने के खिलाफ ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन (AILU) ने कलकत्ता हाईकोर्ट में याचिका दायर कर आम लोगों और वकीलों को हो रही परेशानी का मुद्दा उठाया।
हाईकोर्ट की टिप्पणी: लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए
मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस सौगत भट्टाचार्य ने राज्य सरकार को निर्देश दिया कि रेड रोड बंद रहने की अवधि में नागरिकों के लिए पर्याप्त वैकल्पिक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अदालत ने यह भी कहा कि योग दिवस कार्यक्रम समाप्त होते ही सड़क को तुरंत आम यातायात के लिए खोल दिया जाए।
याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता विकास रंजन भट्टाचार्य ने दलील दी कि पूरी सड़क बंद करने के बजाय उसका एक हिस्सा चालू रखा जा सकता था, जिससे लोगों को लंबा रास्ता तय करने की मजबूरी नहीं होती।
सरकार का पक्ष: वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध
राज्य सरकार ने अदालत को बताया कि कार्यक्रम आयुष मंत्रालय के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है और क्षेत्र में कई वैकल्पिक मार्ग मौजूद हैं। सरकार का दावा है कि आम लोगों को किसी तरह की असुविधा नहीं होगी। अदालत ने मामले में राज्य सरकार को तीन सप्ताह के भीतर हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है।
कर्मचारियों की भागीदारी पर भी उठा विवाद
योग दिवस समारोह में सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर भी विवाद सामने आया है। कर्मचारी संगठनों ने इसे लेकर आपत्ति जताई है। हालांकि अदालत ने स्पष्ट किया कि सरकारी आदेश में कहीं भी कार्यक्रम में भागीदारी को अनिवार्य नहीं बताया गया है। राज्य सरकार ने भी कहा कि कर्मचारियों से केवल शामिल होने का अनुरोध किया गया है।
35 हजार प्रतिभागी, हुगली में 500 नावों पर योग
रेड रोड पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में करीब 35 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। वहीं हुगली नदी में 500 से अधिक नावों पर सामूहिक योग प्रदर्शन की तैयारी चल रही है। सूत्रों के अनुसार, आयोजन के जरिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास भी किया जा सकता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

