Korba-Raigarh News Update : कोरबा. पुलिस ने अलग अलग क्षेत्र से तीन ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध करा रहे थे. शातिर ठग म्यूल खाते में ठगी की रकम जमा कराते और आहरण भी करते थे. प्रारंभिक जांच में लाखों रूपए लेनदेन की बातें सामने आई है. मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के खिलाफ कार्रवाई की है.


भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल के माध्यम से साइबर अपराधों में प्रयुक्त म्यूल खातों के विरूद्ध कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं. गृह मंत्रालय के निर्देश पर अमल करते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कार्रवाई संबंधी दिशा निर्देश जारी कर दिया. उनके निर्देश एएसपी लखन पटले व नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की. इस दौरान म्यूल खाते से लेनदेन का पहला मामला कुसमुंडा थाना क्षेत्र में सामने आया. कुसमुंडा पुलिस ने आनंद नगर निवासी एमडी तवरेज 23 वर्ष व पुष्पेन्द्र साहू 22 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की. इस दौरान साइबर ठगों द्वारा म्यूल खाता से रकम ठगी किए जाने की बातें सामने आई. इसके एवज में दोनों खातेदारों को प्रतिमाह एक निर्धारित राशि मिल रही थी. इसी तरह दूसरा मामला उरगा थाना में सामने आया. जहां पुलिस ने बरपाली निवासी संजय मिरी 36 वर्ष को पकड़ लिया. उसने भी बैंक अकाउंट साइबर ठगों को किराए पर दे दिया था. प्रारंभिक जांच में तीनों आरोपियों के खाते से ठगों के द्वारा लाखों रूपए लेनदेन किए जाने की बातें सामने आई है. मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है.
बैंक अफसर के घर चोरी का शातिर आरोपी गिरफ्तार
कोरबा. मानिकपुर पुलिस ने बैंक अफसर के घर हुई चोरी की गुत्थी को सुलझा लिया है. इस वारदात को करीब तीन माह पहले जेल से रिहा हुई शातिर चोर ने अंजाम दिया था. उसने अपनी मां ही मदद से चोरी के जेवर को एक फायनेंस कंपनी में गिरवी रख दिए थे. जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है. मामले में मां बेटे को वैधानिक कार्रवाई उपरांत न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है.
मानिकपुर पुलिस चौकी अंतर्गत दादर मार्ग में बैंक अफसर राजू मोदी किराए के मकान में निवास करते हैं. उन्होंने रायपुर में जमीन की खरीदी की है, जिसकी रजिस्ट्री के सिलसिले में 6 फरवरी की सुबह अफसर रायपुर चले गए. वे 7 फरवरी की सुबह घर लौटे. उन्होंने मकान के भीतर जाकर देखा तो सारा सामान अस्त व्यस्त पड़ा था. शातिर चोरों ने खिड़की के रास्ते मकान में घुसकर सोने चांदी के जेवर की चोरी कर ली थी, जिसकी शिकायत बैंक अफसर ने पुलिस चौकी में दर्ज करा दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए. उनके निर्देश एएसपी लखन पटले व सीएसपी कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने अपनी टीम के साथ आरोपियों की पतासाजी शुरू कर दी. इसके लिए मुखबीरों को सक्रिय किया गया. साथ ही सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए. इस दौरान सीसीटीवी कैमरे में देर रात एक संदिग्ध मकान के सामने घूमते कैद मिला. पुलिस ने कैमरे में कैद तस्वीर के आधार आवास क्रमांक डी 18 निहारिका साडा कालोनी निवासी संजय वैष्णव ऊर्फ नीलू 31 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पहले तो वह गोलमोल जवाब देता रहा, लेकिन पुलिस के सामने ज्यादा देर नही टिक सका.
उसने अफसर के घर से चोरी की बात स्वीकार कर ली. पूछताछ के दौरान पता चला कि संजय ने चोरी में मिले जेवर को अपनी मां लव कुमारी वैष्णव 50 वर्ष को दे दिए थे. उसने सोने चांदी के जेवर को मुथुट फायनेंस में गिरवी रख 52 हजार रूपए ले लिए थे. यह जानकारी मिलते ही पुलिस के कान खड़े हो गए. पुलिस ने फायनेंस कंपनी के अफसरों से संपर्क कर विधिवत जेवर को बरामद कर लिया है.
खास तो यह है कि चोरी गए जेवर की कीमत 1 लाख 80 हजार बतायी गई थी, इस जेवर की वर्तमान बाजार कीमत 11 लाख 11 हजार रूपए हैं. बहरहाल मामले में मां बेटे के खिलाफ बीएनएस की धारा 331(4), 305(1),317(5) के तहत कार्रवाई की गई है.
नशे में धुत पति ने पत्नी पर गैंती से किया हमला, मौत
कोरबा. शादी के 18 साल बाद भी निःसंतान होने की बात पर पति पत्नी के रिश्ते में आ खटास आ गई. उनके बीच दरार चरित्र संदेह को लेकर होने वाले विवाद के कारण कम होने के बजाय बढ़ती गई. आखिरकार विवाद का अंत महिला की मौत से हुई. नशे में धुत पति ने ससुराल पहुंचकर पत्नी पर गैंती से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. घटना में गंभीर महिला ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद आरोपी पति फरार था, जिसे पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर दबोच लिया.
यह सनसनीखेज वारदात कटघोरा थानांतर्गत ढेलवांडीह के गायत्री मोहल्ले में घटित हुई. दीपका थाना क्षेत्र के ग्राम रंजना में तुलसी प्रसाद यादव 37 वर्ष निवास करता था. उसकी शादी गायत्री मोहल्ला ढेलवांडीह में रहने वाली रत्ना यादव 35 वर्ष से हुई थी. दंपत्ति विवाह के 18 साल बाद भी निःसंतान था, जिसे लेकर तुलसी आए दिन नशे में धुत होकर पत्नी से विवाद करता था. वह अपनी पत्नी के चरित्र पर भी संदेह करता था. तुलसी तीन चार दिन पहले पत्नी को लेकर उसके मायके पहुंचा, जहां दो दिन रूकने के बाद वह घर चला गया. रविवार की रात करीब 8 बजे तुलसी नशे में धुत होकर ससुराल पहुंचा. उसने ससुराल पहुंचते ही पत्नी से विवाद शुरू कर दिया. उसने विवाद बढ़ने पर गुस्से में गैंती से पत्नी के सिर व चेहरे में ताबड़तोड़ हमला कर दिया. घटना में महिला को गंभीर चोटें आई. उसकी चीख पुकार सुनकर परिजन मौके पर जा पहुंचे. उन्होंने महिला को आनन फानन इलाज के लिए कटघोरा स्थित अस्पताल भिजवा दिया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत महिला को मृत घोषित कर दिया. जैसे ही गैंती मारकर पति द्वारा पत्नी की हत्या करने की खबर मिली, पुलिस हरकत में आ गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया, तत्पश्चात आरोपी की पतासाजी शुरू कर दी गई. पुलिस ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया. उसे वैधानिक कार्रवाई उपरांत न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है.
मंगल डामर प्लांट में घायल 9 माह की बच्ची की मौत
रायगढ़. खरसिया के मंगल कार्बन प्लांट में 5 फरवरी को हुए हादसे में एक बच्ची समेत 7 लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे. हादसे के बाद घायलों को रायगढ़ में उपचार के बाद रायपुर रिफर किया गया है. जहां 9 फरवरी की शाम बच्ची की मौत हो गई है. बाकी घायलों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है.
हादसे के बाद पुलिस ने प्लांट प्रबंधन के विरूद्ध मामला दर्ज किया है. वहीं प्रशासन ने प्लांट को सील कर दिया है. जानकारी के अनुसार जिले के खरसिया क्षेत्र में 05 फरवरी को हुई भीषण औद्योगिक दुर्घटना में 6 मजदूरों एवं एक 9 माह की मासूम बच्ची सहित कुल 7 चपेट में आ गए थे. जहां 9 फरवरी को 9 माह की बच्ची भूमि खड़िया की रायपुर में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई. बच्ची भूमि खड़िया (उम्र 9 माह), जो 80 90% तक झुलसी हुई थी. बाकी घायलों का निजी अस्पताल में इलाजरत हैं, जिनमें कई की स्थिति अत्यंत गंभीर एवं नाजुक बनी हुई है. सांस लेने में गंभीर तकलीफ के कारण कुछ घायलों को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है, जिससे वे बोलने की स्थिति में भी नहीं हैं. मामले में प्लांट प्रबंधन द्वारा पीड़िता उदासिनी सहित अन्य घायल मजदूरों के परिजनों पर एफआईआर वापस लेने एवं बयान बदलने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है. जिसका आरोप परिजनों ने लगाया है.
अस्पताल में भर्ती घायल हालत नाजुक
हादसे में घालयों की स्थिति गंभीर बनी हुई है. जिनकी हालत नाजुक स्थिति में है. घायलों साहेब लाल खड़िया (45 वर्ष) -बर्न 80-90 प्रतिशत, शिव खड़िया (27 वर्ष) 80-90 प्रतिशत, उदाशिनी खड़िया (25 वर्ष) 30-40 प्रतिशत तक जल गई है. कौशल (25 वर्ष) -70-80 प्रतिशत इंदीवर (19 वर्ष) 80-90 प्रतिशत, प्रिया (32 वर्ष) 70-80 तक जल गई है. घायलों को रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उनका उपचार किया जा रहा है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें


