मनोज यादव, कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी स्थित राज ज्वेलर्स में बीते 1 जुलाई को हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि तीसरा आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों ने ‘आंखें’ फिल्म की कहानी से प्रेरित होकर लूट की साजिश रची थी। तीनों की दोस्ती पहले जेल में हुई थी, जहां उन्होंने वारदात की योजना बनाई।

ग्राहक बनकर पहुंचे, महिला का भी बनाया भेष
पुलिस के मुताबिक, घटना के दिन दोपहर करीब 1 बजे दुकान संचालक राजकुमार अग्रवाल दुकान में अकेले मौजूद थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग ग्राहक बनकर दुकान पहुंचे। तीनों ने गमछे से अपना चेहरा ढक रखा था, जबकि एक आरोपी महिला के भेष में था।
आरोपियों ने चांदी की अंगूठी दिखाने के बहाने दुकानदार को काउंटर तक बुलाया और मौका मिलते ही दुकान का दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद एक आरोपी ने देशी कट्टा तान दिया, जबकि दूसरे ने दुकानदार की आंखों में मिर्च पाउडर डालने की कोशिश की।
हालांकि, दुकान के बाहर लोगों की भीड़ जुटने लगी तो आरोपी घबरा गए और देशी कट्टा तथा चोरी की मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
देखें VIDEO
दो आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जशपुर, पत्थलगांव, धरमजयगढ़, सीतापुर और अंबिकापुर के जंगलों से लगे इलाकों में लगातार दबिश दी गई।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपाल सिंह गोंड (38 वर्ष), निवासी घुचापुर, थाना पसान और परदेशी राठिया (40 वर्ष), निवासी जिलगा बरपाली, थाना श्यांग के रूप में हुई है। वहीं विष्णु प्रसाद राठिया, निवासी कोलगा, थाना करतला अभी फरार है।
जेल में हुई दोस्ती, फिल्म देखकर बनाया प्लान
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि तीनों पहले हत्या, दुष्कर्म सहित अन्य गंभीर मामलों में जेल जा चुके हैं। जेल में ही उनकी दोस्ती हुई और वहीं उन्होंने फिल्म ‘आंखें’ की कहानी से प्रेरणा लेकर ज्वेलरी शॉप में लूट की योजना बनाई। वारदात को अंजाम देने के लिए चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टे का इस्तेमाल किया गया था।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस पूरे मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर और सीएसपी विमल पाठक के मार्गदर्शन में किया गया। कार्रवाई में कटघोरा थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम शामिल रही।
इस अभियान में थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल, निरीक्षक धर्मनारायण तिवारी, साइबर उपनिरीक्षक अजय सोनवानी सहित कटघोरा पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

