अजय सैनी ,भिवानी। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं सिरसा की सांसद कुमारी शैलजा ने नीट पेपर लीक मामले और प्रदेश की भर्ती प्रक्रिया को लेकर केंद्र एवं राज्य सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पेपर लीक की जिम्मेदारी लेने के बजाय केवल निचले स्तर के लोगों पर कार्रवाई कर खानापूर्ति कर रही है।

भिवानी में एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कुमारी शैलजा ने कहा कि देशभर में पेपर लीक जैसी घटनाएं युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं, लेकिन सरकार इस पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं कर रही है।

उन्होंने हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) की चयन प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश के युवाओं और शैक्षणिक संस्थानों को अक्षम बताकर बाहर के उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जा रही है।

ईंधन कीमतों को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से आम जनता परेशान है, जबकि भाजपा नेता वैकल्पिक वाहनों के उपयोग का दिखावा कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे दिखावे पहले भी स्वच्छता अभियानों के दौरान देखे गए हैं।

कुमारी शैलजा ने यह भी कहा कि क्रूड ऑयल खरीद से जुड़े फैसले भारत को स्वतंत्र रूप से लेने चाहिए और किसी बाहरी दबाव में नीति निर्धारण नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कांग्रेस की आगामी रणनीति का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी जल्द ही बढ़ती पेट्रोल कीमतों के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन करेगी और संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम जारी है।