कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र शहर के सेक्टर-7 में शुक्रवार रात हथियारबंद बदमाशों ने एडवोकेट बीएस वालिया के घर में घुसकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया। 3 से 4 नकाबपोश बदमाशों ने रिवाल्वर के बल पर पहले घर में मौजूद महिला को बंधक बनाया। इसके बाद सैर से लौटे एडवोकेट बीएस वालिया को भी अपने कब्जे में ले लिया। बदमाश घर से नकदी और आभूषण लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

घर में घुसते ही महिला को बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार, एडवोकेट बीएस वालिया रात करीब 9 बजे सैर के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान बदमाश घर में दाखिल हो गए। घर में मौजूद महिला को रिवाल्वर दिखाकर डराया गया और रस्सियों से बांध दिया गया। कुछ समय बाद जब एडवोकेट बीएस वालिया सैर से वापस घर पहुंचे तो बदमाशों ने उन्हें भी पकड़ लिया। आरोपियों ने उनकी पत्नी को जान से मारने की धमकी दी और घर में रखी नकदी और आभूषणों के बारे में जानकारी ली। इसके बाद बदमाश घर से नकदी और जेवरात लेकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने शुरू की जांच

वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m