कुरुक्षेत्र-करनाल हाईवे पर तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक नरेंद्र शर्मा की मौत हो गई है। मृतक अपने परिजनों के साथ वृंदावन घूमने जा रहा था और पुलिस ने अज्ञात कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुरुक्षेत्र। वृंदावन घूमने निकले एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। कुरुक्षेत्र-करनाल हाईवे पर तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार युवक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान नरेंद्र शर्मा के रूप में हुई है। वह चार भाइयों में सबसे छोटा था और बिल्डिंग ठेकेदारी का काम करता था। परिजनों के अनुसार नरेंद्र अपने रिश्तेदार सूरज शर्मा और अन्य परिजनों के साथ दो बाइकों पर सवार होकर खड़ग से वृंदावन घूमने जा रहा था। नरेंद्र अपनी बाइक पर सबसे आगे चल रहा था।
बताया जा रहा है कि कुरुक्षेत्र से करनाल की ओर जाते समय हाईवे पर एक पेट्रोल पंप के पास पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले दूसरी बाइक को ओवरटेक किया। इसके बाद कंटेनर ने नरेंद्र की बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नरेंद्र सड़क पर जा गिरा। उसका हेलमेट दूर जा गिरा और सिर व चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद कंटेनर चालक कुछ देर मौके पर रुका, लेकिन वाहन से नीचे नहीं उतरा। इसके बाद वह कंटेनर को सर्विस रोड की ओर ले गया और करनाल की तरफ फरार हो गया।
घायल नरेंद्र को राहगीरों की मदद से एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान पर अज्ञात कंटेनर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 106 और 324(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस कंटेनर के नंबर के आधार पर चालक की तलाश कर रही है।

