हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कुरुक्षेत्र में डी प्लान योजना के तहत ₹15.22 करोड़ से विकास कार्य कराने का ऐलान किया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नए निर्माण से पहले अधूरे पड़े पुराने कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए।

नवोदित, कुरुक्षेत्र। हरियाणा के विकास एवं पंचायत विभाग मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि जिला कुरुक्षेत्र में डी प्लान योजना के तहत 15 करोड़ 22 लाख 5 हजार रुपये से विकास कार्य करवाए जाएंगे। इस डी प्लान के तहत आने वाले बजट से पहले बीच में रुके कार्यों को पूरा किया जाए, ताकि नागरिक उनका प्रयोग कर सकें। इस राशि का प्रयोग संबंधित क्षेत्र और मद के लिए किया जाना चाहिए। इसके साथ ही एससीएसपी कम्पोनेंट का विशेष ध्यान रखना है और कार्य को करने से पहले उपायुक्त को भेजकर पास करवाना होगा। इस योजना के तहत बजट को समयबद्ध खर्च करते हुए कार्यों को पूरा करवाया जाए।

जिला विकास कमेटी की बैठक

हरियाणा के विकास एवं पंचायत विभाग मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में डी प्लान को लेकर आयोजित जिला विकास एवं निगरानी कमेटी की बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में उनके साथ थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा, कुरुक्षेत्र उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा व जिले के तमाम अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार का उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने स्वागत किया और बैठक के एजेंडे के बारे में बताया।

बजट आवंटन का ब्यौरा

कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि 2026-27 वित्त वर्ष के लिए सरकार ने जिला कुरुक्षेत्र के लिए 15 करोड़ 22 लाख 5 हजार रुपये जारी किए हैं। इनमें 9 करोड़ 13 लाख 23 हजार जनरल कम्पोनेंट और 6 करोड़ 8 लाख 82 हजार रुपये एससीएसपी कम्पोनेंट का बजट शामिल है। इस बजट में सबसे पहले पिछले वित्त वर्ष के 67 लाख 93 हजार रुपये के पेंडिंग कार्य किए जाएंगे और बची हुई राशि 14 करोड़ 54 लाख 12 हजार रुपये से नए कार्यों को किया जाएगा। इस राशि को जनसंख्या के आधार पर अलॉट किया जाता है।

मदों के अनुसार खर्च का दायरा

उन्होंने कहा कि डी प्लान के तहत मिली राशि का स्ट्रीट व ड्रेन पर 30 प्रतिशत, कम्यूनिटी सेंटर, चौपाल और पंचायत घर पर 10 प्रतिशत, स्कूलों व कॉलेजों में शिक्षा इंफ्रास्ट्रक्चर पर 10 प्रतिशत, महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी और क्रेच पर 10 प्रतिशत, खेल पर 10 प्रतिशत और अन्य कार्यों (हेल्थ, वाटर सप्लाई, सिंचाई, जनस्वास्थ्य, बिजली, ब्रिज और मार्ग, पशुपालन, बागवानी) पर 30 प्रतिशत राशि खर्च की जाएगी।

ब्लॉक और निकायवार आवंटन

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के लिए 10 करोड़ 33 लाख 15 हजार रुपये तय किए गए हैं। इसमें थानेसर ब्लॉक के लिए 1 करोड़ 90 लाख 54 हजार रुपये, पिहोवा ब्लॉक के लिए 2 करोड़ 4 लाख 42 हजार रुपये, शाहाबाद ब्लॉक के लिए 1 करोड़ 77 लाख 45 हजार रुपये, इस्माइलाबाद ब्लॉक के लिए 1 करोड़ 10 लाख 60 हजार रुपये, लाडवा ब्लॉक के लिए 1 करोड़ 13 लाख 15 हजार रुपये, बाबैन ब्लॉक के लिए 93 लाख 72 हजार रुपये और पिपली ब्लॉक के लिए 1 करोड़ 43 लाख 15 हजार रुपये शामिल हैं। इसी तरह शहरी निकायों में थानेसर नगर परिषद के लिए 2 करोड़ 33 लाख 87 हजार रुपये, पिहोवा नगर पालिका के लिए 58 लाख 57 हजार रुपये, शाहाबाद नगर पालिका के लिए 64 लाख 22 हजार रुपये, लाडवा नगर पालिका के लिए 43 लाख 54 हजार रुपये और इस्माइलाबाद नगर पालिका के लिए 20 लाख 69 हजार रुपये शामिल हैं।

पिछले वर्ष की प्रगति रिपोर्ट

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने रिपोर्ट देते हुए कहा कि जिला को पिछले वर्ष डी प्लान योजना में 15 करोड़ 22 लाख 5 हजार रुपये अलॉट हुए थे। वर्ष के अंत तक 31 मार्च 2026 तक 13 करोड़ 16 लाख 84 हजार रुपये यानी 86.51 प्रतिशत खर्च किए गए। करीब 67 लाख 93 हजार रुपये के छोटे कार्य पेंडिंग रह गए थे, जिन्हें इस वर्ष प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।