कुरुक्षेत्र । दशहरा मनाने घर आए 20 साल के मनन ने शायद सोचा भी नहीं होगा कि यह उसकी आखिरी घर वापसी होगी। वह दिल्ली के मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में MBBS की पढ़ाई कर रहा था। शनिवार रात छुट्टी लेकर घर पहुंचा था। रविवार सुबह घर से निकला तो परिजनों ने उसे देखा। किसी को अंदाजा नहीं था कि सुबह दिखा चेहरा आखिरी बन जाएगा।

मनन की रविवार शाम पिहोवा के कैथल रोड पर सड़क हादसे में मौत हो गई। उसकी बाइक की टक्कर एक क्रेटा कार से हो गई। हादसा पेट्रोल पंप के सामने हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मनन बाइक से उछलकर सड़क पर दूर जा गिरा। उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

अचानक कार मोड़ने से हुआ हादसा

परिजनों के मुताबिक, मनन अनाज मंडी से किसी काम के लिए धर्मकांटा गया था। वहां से लौटते समय वह सदर थाना पिहोवा के मोड़ के पास पहुंचा। इसी दौरान पिहोवा चौक की तरफ से एक तेज रफ्तार क्रेटा कार आई।

मनन के चाचा सिद्धार्थ ने पुलिस को बताया कि कार चालक ने पेट्रोल पंप की तरफ मुड़ने के लिए अचानक कट मारा। इसी दौरान कार बाइक से टकरा गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

सुबह मिली एक झलक, साथ बैठने का मौका भी नहीं मिला

मनन के चाचा प्रवीण ने बताया कि वह शनिवार रात दशहरा मनाने घर आया था। देर रात पहुंचने के कारण उनसे मुलाकात नहीं हो पाई। रविवार सुबह घर से निकलते समय मनन की एक झलक जरूर दिखी थी।

धान के सीजन के चलते परिवार के लोग अपने काम में व्यस्त थे। मनन के साथ बैठकर बातचीत तक नहीं हो सकी। किसी ने नहीं सोचा था कि कुछ ही घंटों बाद घर में मातम छा जाएगा।

परिवार के लिए यह सदमा इसलिए भी गहरा है, क्योंकि मनन पढ़ाई में काफी होनहार था। वह डॉक्टर बनने के सपने के साथ आगे बढ़ रहा था।

NEET में 636वीं रैंक, अब MBBS के सेकेंड ईयर में था

मनन ने पिहोवा के एक निजी स्कूल से 12वीं की पढ़ाई की थी। इसके बाद उसने मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET में 636वीं रैंक हासिल की। वह कुरुक्षेत्र और कैथल जिले में टॉपर रहा था। फिलहाल वह दिल्ली के मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में MBBS के दूसरे वर्ष की पढ़ाई कर रहा था।

मनन के पिता दीपक कुमार पिहोवा अनाज मंडी में आढ़त का काम करते हैं। वह अरुणाय गांव के पूर्व सरपंच भी रह चुके हैं। परिवार फिलहाल पिहोवा के मॉडल टाउन में रहता है। मनन के बड़े भाई मयंक की कुरुक्षेत्र रोड पर स्टील और हार्डवेयर की दुकान है।

चाचा भी कुछ देर पहले उसी रास्ते से गुजरे थे

हादसे से जुड़ी एक और बात परिवार को अंदर तक झकझोर रही है। मनन के चाचा प्रवीण कुमार ने बताया कि वह घटना से करीब 15 से 20 मिनट पहले ही कैथल रोड से गुजरे थे। वह कैथल-ढांड रोड स्थित एक राइस मिल से लौट रहे थे।

कुछ देर बाद उन्हें अस्पताल से मनन की मौत की सूचना मिली। जिस रास्ते से वह थोड़ी देर पहले निकले थे, उसी रास्ते पर उनके भतीजे की जान चली गई थी। उन्हें पहले इस खबर पर यकीन ही नहीं हुआ।

कार नंबर के आधार पर केस दर्ज

पिहोवा सिटी थाना पुलिस को एक निजी अस्पताल से मनन की मौत की सूचना मिली थी। थाना प्रभारी सुनील वत्स के अनुसार, पुलिस ने मनन के चाचा सिद्धार्थ के बयान दर्ज किए हैं।

पुलिस ने कार नंबर HR-70H-9415 के अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m