कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में पिहोवा रोड पर ज्योतिसर के पास एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। कुरुक्षेत्र की ओर जा रहे एक बुलेट सवार आढ़ती की कार से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल आढ़ती को परिजन आनन-फानन में एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां देर रात इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

65 वर्षीय आढ़ती रामचंद्र के रूप में हुई पहचान

मृतक की पहचान इंदबड़ी गांव निवासी 65 वर्षीय रामचंद्र के रूप में हुई है। रामचंद्र की थानेसर अनाज मंडी में आढ़त की दुकान है। परिजनों के अनुसार, रामचंद्र अपनी बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने गांव से कुरुक्षेत्र की ओर जा रहे थे। जब वे पिहोवा रोड पर ज्योतिसर स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक काले रंग की तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

पेट्रोल पंप कर्मियों ने दी परिजनों को सूचना

दुर्घटना के तुरंत बाद पास स्थित पेट्रोल पंप पर काम करने वाले वर्करों की नजर उन पर पड़ी। वर्कर रामचंद्र के परिवार को पहले से जानते थे, इसलिए उन्होंने बिना वक्त गंवाए हादसे की सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल रामचंद्र को इलाज के लिए एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद देर रात उनकी मौत हो गई।

टक्कर इतनी जोरदार कि खुल गया कार का एयरबैग

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भिड़ंत के दौरान कार का एयरबैग भी खुल गया। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि कार चालक अपनी गाड़ी को बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था, जिसकी वजह से यह दर्दनाक हादसा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया।

कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज

मामले की जानकारी देते हुए ज्योतिसर पुलिस चौकी इंचार्ज नरेंद्र कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत और बयानों के आधार पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बुलेट मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m