कुरुक्षेत्र। जिले के पिहोवा में मुर्तजापुर गांव के पास पेट्रोल पंप के करीब 17 सितंबर को एक तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज बस ने 70 वर्षीय बुजुर्ग बंबूल सिंह को कुचल दिया। हादसे में उनकी मौत हो गई। मृतक करनाल के गुरुनानक खालसा कॉलेज में कार्यरत असिस्टेंट प्रोफेसर महाबीर सिंह के पिता थे। एक्सीडेंट के बाद कैथल डिपो की बस का चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
फल खरीदकर घर लौटते समय हुआ हादसा
सारसा गांव निवासी बंबूल सिंह एक्सीडेंट से ठीक पहले मुर्तजापुर के पास एक दुकान से सेब खरीदकर अपने घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान हरिद्वार से लौट रही कैथल डिपो की बस (HR-64-GV-2410) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के तुरंत बाद मुर्तजापुर निवासी विक्रम सिंह ने फोन करके बंबूल सिंह के बेटे महाबीर सिंह को दुर्घटना की सूचना दी।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
सूचना मिलते ही महाबीर सिंह मौके पर पहुंचे, जहां उनके पिता सड़क पर घायल पड़े थे और पास ही सरकारी बस खड़ी थी। महाबीर सिंह ने विक्रम सिंह और स्थानीय लोगों की मदद से अपने पिता को तुरंत कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी (LNJP) अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने बंबूल सिंह को मृत घोषित कर दिया।
बस नंबर के आधार पर केस दर्ज, सीसीटीवी फुटेज की जांच
घटना की सूचना मिलने पर पिहोवा थाना सदर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने परिजनों की शिकायत और बस नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस अब हादसे की सच्चाई जानने के लिए घटनास्थल के आसपास लगी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



