कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में सरकारी अस्पताल के कैदी वार्ड से फरार हुआ हवालाती 11 दिन बाद पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ हुई तो उसकी फरारी की ऐसी कहानी सामने आई, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। पुलिस के मुताबिक, हवालाती का कहना है कि उसे चिट्टे की तलब लगी थी और इसी वजह से वह कैदी वार्ड से निकलकर पंजाब पहुंच गया। इसके बाद नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने चोरी की वारदातों को अंजाम दिया और आखिर में अपने गांव लौट आया।
पुलिस के अनुसार, बाबैन क्षेत्र के गांव मंडोखरा निवासी सतिंद्र को 1 सितंबर को महिला से बालियां झपटने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि उसने ईशरगढ़ गांव में सुंदर देवी के कान से बालियां झपटी थीं। ग्रामीणों ने पीछा कर उसे शाहाबाद बाजार में पकड़ लिया था, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले किया गया। पूछताछ में पुलिस को उसके खिलाफ पहले से दर्ज कई मामलों की जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, कुरुक्षेत्र और करनाल में चोरी, छीनाझपटी, लड़ाई-झगड़े और मारपीट के करीब 10 मामले उसके खिलाफ दर्ज हैं।
गिरफ्तारी के बाद सतिंद्र को जिला जेल भेज दिया गया था। पुलिस के मुताबिक, 3-4 सितंबर की रात उसने जेल में फंदा लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। हालत बिगड़ने पर उसे एलएनजेपी सिविल अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को देखते हुए उसे कैदी वार्ड में भर्ती किया था। 5 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे उसने पुलिस गार्द से वॉशरूम जाने की बात कही। वहां पहुंचने के बाद उसने वाटर कूलर से पानी लेने की बात कही और इसी दौरान गार्द को चकमा देकर फरार हो गया।
अस्पताल से निकलते ही पंजाब की ओर गया
पूछताछ में सतिंद्र ने पुलिस को बताया कि कैदी वार्ड से निकलने के बाद वह कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पहुंचा। वहां से ट्रेन लेकर अंबाला गया और कुछ देर रुकने के बाद पंजाब जाने वाली ट्रेन पकड़ ली। पुलिस के मुताबिक, उसे आशंका थी कि रेलवे स्टेशन से बाहर निकलते ही पुलिस उसे पकड़ सकती है, इसलिए उसने ट्रेन के जरिए आगे जाने का रास्ता चुना।
लुधियाना में पार्क में बिताईं रातें
पुलिस के अनुसार, सतिंद्र लुधियाना पहुंचने के बाद रेलवे स्टेशन से बाहर निकला और रात गुजारने के लिए एक पार्क को अपना ठिकाना बना लिया। दिन में वह आसपास घूमता और अंधेरा होने पर वापस पार्क में जाकर सो जाता था। इसी दौरान उसे दोबारा चिट्टे की तलब लगी, लेकिन उसके पास पैसे नहीं थे। इसके बाद उसने चोरी करने का फैसला किया।
iPhone चुराकर खरीदा चिट्टा
पूछताछ में सामने आया कि पार्क के पास एक दुकान देखकर सतिंद्र वहां पहुंचा और मौका मिलते ही दुकानदार का iPhone लेकर फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, फोन बेचकर मिले पैसों से उसने चिट्टा खरीदा। इसके बाद वह वापस पार्क पहुंचा और रात में नशा किया। पुलिस के अनुसार, अगले दो-तीन दिन तक उसका इसी तरह गुजारा चलता रहा।
नशा खत्म हुआ तो फिर चोरी के लिए निकला
पुलिस का कहना है कि नशा खत्म होने के बाद सतिंद्र की हालत बिगड़ने लगी। वह दोबारा चोरी करने के इरादे से निकला, लेकिन रास्ते में बेहोश होकर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। वहां उसका करीब दो-तीन दिन इलाज चला। तबीयत में सुधार होने के बाद उसे फिर पकड़े जाने का डर सताने लगा और वह वहां से भी निकल गया।
खन्ना में चुराई बाइक, अंबाला से खरीदा नशा
इसके बाद सतिंद्र ट्रेन से खन्ना पहुंचा। पुलिस के मुताबिक, वहां एक दिन रुकने के बाद उसे फिर नशे की तलब हुई तो उसने एक बाइक चोरी कर ली। चोरी की बाइक लेकर वह अंबाला पहुंचा और वहां एक जानकार से चिट्टा खरीदा। इसके बाद उसने अपने गांव लौटने की योजना बनाई।
गांव पहुंचते ही पुलिस ने दबोचा
सतिंद्र के फरार होने के बाद कुरुक्षेत्र CIA-1 की टीम ने उसके संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ा दी थी। CIA-1 प्रभारी प्रतीक कुमार के मुताबिक, टीम को पहले से अंदेशा था कि वह किसी न किसी समय अपने गांव जरूर लौटेगा। इसी आधार पर गांव और आसपास के रास्तों पर नजर रखी जा रही थी।
ASI गिरीवर शर्मा की टीम ने ईशरगढ़ पुल के आसपास निगरानी के दौरान पंजाब नंबर की एक बाइक देखी। पुलिस को शक हुआ और जांच आगे बढ़ाई गई तो बाइक पर सतिंद्र नजर आया। टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की बाइक भी बरामद की है। बताया गया है कि पहचान छिपाने के लिए उसने अपने बाल और दाढ़ी भी कटवा ली थी।
पुलिस अब उसके खिलाफ दर्ज पुराने मामलों के साथ फरारी के दौरान की गई कथित चोरी की वारदातों की भी जांच कर रही है। साथ ही उसके द्वारा बताए गए नशे से जुड़े घटनाक्रम और अन्य लोगों की भूमिका के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



