पंचकूला। आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए हरियाणा भाजपा ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने की कवायद तेज कर दी है। पंचकूला स्थित पंचकमल कार्यालय में आयोजित दो महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकों में पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट संदेश दिया कि सरकार की योजनाओं और संगठन की गतिविधियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए बूथ और पन्ना प्रमुखों की भूमिका सबसे अहम होगी।

बैठकों में प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और प्रदेश संगठन मंत्री फणींद्रनाथ शर्मा ने मंडल अध्यक्षों, जिला प्रभारियों तथा नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ विस्तृत मंथन किया। इस दौरान संगठन विस्तार, बूथ सशक्तीकरण, सदस्यता अभियान, पन्ना प्रमुखों की सक्रियता और एसआईआर (SIR) के दूसरे चरण को प्रभावी ढंग से लागू करने की रणनीति पर चर्चा हुई।

नेतृत्व ने पदाधिकारियों से कहा कि वे नियमित प्रवास करें, कार्यकर्ताओं के साथ सतत संवाद बनाए रखें और समयबद्ध कार्ययोजना के अनुसार संगठनात्मक गतिविधियों को गति दें। डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम के माध्यम से कार्यकर्ताओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने, तिरंगा यात्रा को जनभागीदारी का अभियान बनाने तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाने पर भी विशेष जोर दिया गया।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि संगठन की मजबूती केवल प्रदेश या जिला स्तर पर नहीं, बल्कि प्रत्येक बूथ तक सक्रिय और प्रशिक्षित टीम तैयार करने से आएगी। इसी उद्देश्य से मंडल और बूथ स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को नियमित और परिणाम आधारित बनाने के निर्देश दिए गए।

भाजपा नेतृत्व ने पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे संगठन और सरकार के बीच प्रभावी सेतु की भूमिका निभाते हुए कार्यकर्ताओं की ऊर्जा को जनसंपर्क और जनसेवा के अभियानों में बदलें, ताकि पार्टी का संगठनात्मक ढांचा और अधिक सशक्त हो सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m