कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के कंप्यूटर साइंस डिपार्टमेंट की लैब में अचानक एयर कंडीशनर (AC) फटने से भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि लैब में प्रैक्टिकल दे रहे सभी 25 छात्रों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
नवोदित, कुरुक्षेत्र। यूनिवर्सिटी (KUK) के कंप्यूटर साइंस एंड एप्लीकेशन डिपार्टमेंट की लैब में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ प्रैक्टिकल परीक्षा के दौरान अचानक एयर कंडीशनर (AC) में जोरदार धमाका हुआ। ब्लास्ट के बाद पूरी लैब में धुआं फैल गया और अफरा-तफरी मच गई।
बाल-बाल बचे लैब में मौजूद छात्र
हादसे के समय कंप्यूटर लैब के अंदर करीब 25 छात्र प्रैक्टिकल परीक्षा दे रहे थे। धमाका होते ही वहां मौजूद प्रोफेसर और स्टाफ ने सूझबूझ दिखाई। उन्होंने तुरंत पूरी लैब को खाली करवाया और सभी छात्र-छात्राओं को सुरक्षित बिल्डिंग से नीचे भेज दिया।

दमकल विभाग ने आग पर पाया काबू
शुरुआत में स्टाफ ने फायर एग्जीक्यूटर की मदद से खुद आग बुझाने का प्रयास किया। इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड और सुरक्षा टीम को सूचना दी गई। दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
कंप्यूटर और इलेक्ट्रॉनिक्स सामान जला
विभाग के एचओडी प्रो. चंद्रकांत ने बताया कि आग लगने से किसी को चोट नहीं आई है। हालांकि, झुलसने के कारण लैब में रखे कंप्यूटर सिस्टम, एसी और अन्य कीमती इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गए हैं। इस घटना के बाद से कैंपस में दहशत का माहौल है।

अधिक गर्मी और शॉर्ट सर्किट मुख्य वजह
शुरुआती जांच के अनुसार, भीषण गर्मी में लगातार लोड बढ़ने और शॉर्ट सर्किट को इस ब्लास्ट की वजह माना जा रहा है। एचओडी के मुताबिक लैब के कुछ एसी पुराने थे। घटना की जानकारी मिलते ही यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।

