कुरुक्षेत्र में पति राजेश की हत्या के बाद उसके शरीर से आंतें, किडनी और लीवर का हिस्सा निकालने के मामले में आरोपी विमला की मानसिक स्थिति की दोबारा जांच होगी। 27 अगस्त को बेहतर इलाज के लिए उसे चंडीगढ़ PGI रेफर किया गया था, लेकिन उसने वहां इलाज कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद 28 अगस्त को उसे वापस कुरुक्षेत्र के LNJP अस्पताल लाया गया। अब सोमवार को अस्पताल में मेडिकल बोर्ड उसकी मानसिक स्थिति की जांच करेगा।

PGI में इलाज से किया इनकार

विमला को बेहतर उपचार के लिए PGI चंडीगढ़ भेजा गया था। वहां उसने इलाज कराने से मना कर दिया। इसके बाद उसे वापस LNJP अस्पताल लाया गया। अस्पताल में मनोरोग विशेषज्ञ ने उसकी काउंसलिंग की और मानसिक स्थिति का आकलन किया।

डॉक्टरों ने उसके व्यवहार को देखते हुए उसके हिंसक होने की आशंका जताई है। अस्पताल स्टाफ की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जाहिर की गई है। फिलहाल उसकी मानसिक स्थिति और व्यवहार पर लगातार नजर रखी जा रही है।

मेडिकल बोर्ड तय करेगा आगे का इलाज

सोमवार को LNJP अस्पताल में मेडिकल बोर्ड बनाया जाएगा। बोर्ड विमला की मानसिक स्थिति की दोबारा जांच करेगा। इसके बाद यह तय किया जाएगा कि उसे किस तरह का उपचार दिया जाना चाहिए और आगे उसे कहां रखा जाए।

इस मेडिकल बोर्ड में PGI के मनोरोग विशेषज्ञ को भी शामिल किए जाने की संभावना है।

मनोरोग विशेषज्ञ की निगरानी में इलाज

LNJP अस्पताल प्रशासन के अनुसार विमला का उपचार हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. गुंजन उपाध्याय और मनोरोग विशेषज्ञ की निगरानी में चल रहा है।

डॉ. गुंजन उपाध्याय के मुताबिक, विमला की कमर में ज्यादा चोट लगी है। उसे बेडरेस्ट की जरूरत है। अस्पताल प्रशासन उसकी शारीरिक और मानसिक स्थिति दोनों पर नजर रख रहा है।

PGI ने भेजा मेडिकल नोट

अस्पताल के RMO डॉ. बलराज ने बताया कि PGI की ओर से मेडिकल नोट भेजा गया है। इसमें बताया गया है कि विमला PGI में इलाज नहीं करवाना चाहती थी। इसी वजह से उसे वापस कुरुक्षेत्र लाया गया।

PGI के मेडिकल नोट में विमला के हिंसक होने की आशंका का भी उल्लेख किया गया है। इसी को देखते हुए अब उसकी मानसिक स्थिति की विस्तृत जांच कराने की तैयारी है।

पति की हत्या के बाद निकाले थे अंग

पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त को राजेश की हत्या के बाद विमला ने उसके शरीर को सीने से लेकर प्राइवेट पार्ट तक काट दिया था। पुलिस को मौके से राजेश की आंतें, किडनी और लीवर का हिस्सा प्लास्टिक की बोरी में मिला था।

पुलिस के अनुसार, शरीर से अंग निकालने के लिए तीन चाकुओं का इस्तेमाल किया गया था। बरामद अंगों को जांच के लिए पंचकूला की लैब भेजा गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m