निजामपुर थाना के गांव खातौली अहीर स्थित एक बंद स्टोन क्रेशर में संदिग्ध परिस्थितियों में मजदूर का शव बरामद हुआ है। परिजनों ने क्रेशर मालिकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
गुलशन कुमार, महेंद्रगढ़। निजामपुर थाना के अंतर्गत आने वाले गांव खातौली अहीर स्थित एक बंद स्टोन क्रेशर में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी 32 वर्षीय मजदूर के रूप में हुई है, जो काफी दिनों से यहां काम करता था। बीती रात को गांव खातोली अहीर स्थित श्री गणेश स्टोन क्रेशर में इस व्यक्ति का शव स्टोन क्रेशर के कन्वेयर सिस्टम के होद में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव क्रेशर में मिलने की सूचना पर खातोली अहीर के ग्रामीण, आसपास के अन्य लोग तथा क्रेशर पर काम करने वाले प्रवासी मजदूर भी भारी संख्या में क्रेशर पर एकत्र हो गए और उन्होंने हंगामा कर दिया।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
इस पूरे मामले के बारे में गांव खातोली अहीर के निवासी वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि यह क्रेशर पिछले दस से 12 महीनों से बिजली का तकरीबन दस लाख रुपए का बिल बकाया होने के कारण पूरी तरह बंद पड़ा हुआ है। इसलिए होद में करंट जाने का कोई सवाल ही नहीं उठता है, जबकि पुलिस शुरुआती तौर पर कह रही है कि करंट से मौत हुई है। वहीं मृतक के भाई का गंभीर आरोप है कि उसके भाई को क्रेशर मालिकों ने ही खुद फोन करके बुलाया था जिसके बाद उसकी किसी वजह से हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि यह हादसा कल शाम का ही है, जबकि परिजनों को इसकी सूचना बहुत देर रात दी गई है।
एफएसएल टीम करेगी जांच
क्रेशर परिसर में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए डीएसपी भारत भूषण ने कहा कि पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि इस रहस्यमयी मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी विशेष रूप से बुलाया गया है, ताकि मौत के असली और सही कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल नारनौल भिजवा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्य सामने आने के बाद नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

