अनुज कुमार पांडेय, गोपालगंज। जिले के भोरे थाना क्षेत्र से सोमवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। कोरेया गांव में 11 हजार वोल्ट चालू बिजली के तार की चपेट में आने से एक मजदूर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोरेया गांव निवासी सिपाही मियां के घर का आज ढलाई होनेवाला था। गांव के ही मजदूर सेटरिंग कार्य कर रहे थे। कुछ कार्य बाकी था जिसे सोमवार की सुबह पांच बजे ही कोरेया गांव का राजीव मांझी पहुंचकर सरिया बांधना शुरू कर दिया। काम के दौरान ही छत के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाई वोल्टेज तार के संपर्क में लोहे का छरिया आ गया। करंट इतना भयानक था कि छरिया पकड़े हुए मजदूर को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की हुई पहचान
हादसे का शिकार हुए मृतक मजदूर की पहचान राजीव मांझी के रूप में की गई है। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।घटना की सूचना मिलते ही भोरे थाने की पुलिस तुरंत दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की तैयारी की जा रही है।

