वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के खुदागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पचरुखिया मोड़ पर गुरुवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान महम्मदपुर गांव निवासी विनय साव के पुत्र हरेंद्र कुमार के रूप में की गई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।

मजदूरी कर घर लौटते समय हुआ हादसा

परिजनों के अनुसार हरेंद्र कुमार अपने चचेरे भाई विकास कुमार के साथ पचुरुखिया गांव से राजमिस्त्री का काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान पचरुखिया मोड़ के समीप एक अनियंत्रित पिकअप वैन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि हरेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विकास कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

पोस्टमार्टम के लिए मांगा डीएम का आदेश

घटना के बाद मृतक के परिजनों ने अस्पताल व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के परिजन ब्रह्मदेव गोप ने बताया कि रात करीब 1 बजे से वे लोग अस्पताल परिसर में पोस्टमार्टम के लिए इंतजार करते रहे, लेकिन पोस्टमार्टम कर्मी नहीं आया। आरोप है कि अस्पताल कर्मियों ने डीएम का आदेश लाने जैसी बातें कहकर परिजनों को परेशान किया गया। परिजनों का कहना है कि गरीबों की सुनने वाला अस्पताल में कोई नहीं है और पूरी व्यवस्था चरमरा गई है।

मामले की छानबीन में जुटी पुलिस

वहीं खुदागंज थाना अध्यक्ष दुर्गेश गहलोत ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला तेज रफ्तार बाइक के पिकअप में पीछे से टकराने का प्रतीत होता है। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप वैन और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ये भी पढ़ें- छपरा में फिर हादसे का शिकार हुई ऑर्केस्ट्रा टीम की गाड़ी, ट्रक से टक्कर के बाद 3 की मौत, 9 घायल