पंकज श्रीवास्तव, छपरा। सारण जिले के छपरा में एक बार फिर आर्केस्ट्रा टीम की गाड़ी भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। लगातार दूसरी बार हुए इस हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी है। खास बात यह है कि दो दिन पहले यानी 6 मई को भी आर्केस्ट्रा टीम की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हुई थी, जिसमें चार लोगों की जान चली गई थी। लगातार हो रहे हादसों ने सड़क सुरक्षा और देर रात यात्रा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार घटना एनएच-531 पर बनवार फ्लाईओवर के समीप हुई। बताया जा रहा है कि पिकअप वैन में सवार सभी लोग एक आर्केस्ट्रा टीम के सदस्य थे, जो रातभर कार्यक्रम करने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वैन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
कई लोगों की हालत गंभीर
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार गूंज उठी। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही दाउदपुर थाने की पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल और एकमा अस्पताल भेजा गया, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
छानबीन में जुटी पुलिस
दाउदपुर थाना प्रभारी निर्भय कुमार ने बताया की मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक आशंका तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को लेकर जताई जा रही है।
6 मई को हुए हादसे में 4 की हुई थी मौत
गौरतलब है कि 6 मई को भी छपरा में आर्केस्ट्रा टीम की गाड़ी सड़क हादसे का शिकार हुई थी, जिसमें चार सदस्यों की मौत हो गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से कलाकारों और उनके परिवारों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से रात के समय भारी वाहनों की निगरानी बढ़ाने और हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
ये भी पढ़ें- जेल के काले राज वायरल करने की धमकी, बदमाशों ने जेल अधीक्षक को फोन कर मांगी फिरौती
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

