अनुज कुमार पाण्डेय, गोपालगंज। जिले के कटेया नगर पंचायत के वार्ड संख्या-5 में गाली-गलौज का विरोध करना एक मजदूर को भारी पड़ गया। कुछ युवकों द्वारा कथित तौर पर लाठी-डंडे से की गई बेरहमी से पिटाई में गंभीर रूप से घायल 45 वर्षीय बैरिस्टर मंडल की इलाज के दौरान गोपालगंज सदर अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलते ही कटेया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

घर के सामने गाली-गलौज कर रहे थे कुछ युवक

बताया जाता है कि बैरिस्टर मंडल बाजार में पोलदारी (मजदूरी) कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार सोमवार की रात करीब नौ बजे कुछ युवक उनके घर के सामने खड़े होकर आपस में अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे थे। उस समय घर की महिलाएं और बेटियां बाहर थीं। बैरिस्टर मंडल ने युवकों से दरवाजे के सामने गाली-गलौज नहीं करने और वहां से हट जाने को कहा।

इलाज के दौरान हुई मौत

आरोप है कि इस बात से नाराज युवक कुछ देर बाद लाठी-डंडों से लैस होकर दोबारा पहुंचे और बैरिस्टर मंडल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल बैरिस्टर मंडल को स्थानीय लोगों की मदद से कटेया रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

बैरिस्टर मंडल परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में 21 वर्षीय पुत्र कृष्णा मंडल तथा चार बेटियां-पिंकी कुमारी (18), रिंकी कुमारी (15), विद्यावती कुमारी (10) और नेहा कुमारी (5) हैं। पिता की मौत के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की मां कुशमी देवी बेटे के वियोग में दहाड़ मारकर रोती रहीं, जबकि पत्नी संकाली देवी बार-बार बेसुध हो जा रही थीं। पूरे मोहल्ले में मातमी सन्नाटा पसरा रहा।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की सूचना मिलने पर कटेया थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दोषियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

ये भी पढ़ें- 10 रुपये के विवाद में महिला की पीट-पीटकर हत्या, 12 घंटे बाद कड़ी सुरक्षा में हुआ अंतिम संस्कार