अनुज कुमार पाण्डेय, गोपालगंज। जिले के थावे थाना क्षेत्र अंतर्गत मठ गौतम चौरिया टोला गांव में महज 10 रुपये के मामूली विवाद को लेकर हुई मारपीट में घायल महिला पान कुमारी देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों के भारी विरोध और पुलिस के आश्वासन पर करीब 12 घंटे बाद मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मृतका का अंतिम संस्कार कराया गया।
गोरखपुर में इलाज के दौरान हुई मौत
जानकारी के मुताबिक, गांव में दो पक्षों के बीच 10 रुपये के लेनदेन में मामूली बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जो जल्द ही हिंसक मारपीट में बदल गई। इस दौरान पान कुमारी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। आनन-फानन में परिजनों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सोमवार को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक व तनाव का माहौल कायम हो गया।
गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे परिजन
सोमवार की देर रात जब महिला का शव गांव पहुंचा, तो माहौल अत्यधिक तनावपूर्ण हो गया। परिजन और स्थानीय ग्रामीण नामजद आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए और उन्होंने शव का अंतिम संस्कार करने से साफ इंकार कर दिया। परिजनों का कहना था कि जब तक पुलिस आरोपियों को सलाखों के पीछे नहीं भेजती, वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
पुलिस के आश्वासन पर शांत हुआ मामला
घटना की सूचना मिलते ही मंगलवार की सुबह थावे थाना पुलिस गांव पहुंची। थानाध्यक्ष विभा कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम और एएसआई पवन कुमार ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और नामजद आरोपितों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी का कड़ा भरोसा दिलाया। पुलिस के इस आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए। इस दौरान गांव में किसी भी अप्रिय घटना या दोबारा तनाव की स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
थानाध्यक्ष विभा कुमारी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस की दबिश के डर से सभी नामजद आरोपित अपने-अपने घरों से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- सावन की पहली सोमवारी पर धनेश्वर नाथ मंदिर में घुसा बुलेट सवार युवक, दानपेटी तोड़ी, VIDEO वायरल


