कुंदन कुमार, पटना। एलजेपी आर प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बीते दिनों एक इंटरव्यू के दौरान हाल में ही हुए लड़कियों के साथ छेड़खानी के मामले पर अपने ही सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि मुझे शर्म आती है कि मैं एक ऐसी सरकार का समर्थन कर रहा हूं, जहां अपराध पूरी तरीके से बेलगाम हो चुका है। चिराग पासवान के इस बयान पर अब बीजेपी कोटे से मंत्री लखेंद्र पासवान का बड़ा बयान सामने आया है।
‘सरकार से करनी चाहिए बातचीत’
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री लखेंद्र पासवान ने चिराग पासवान के बयान पर उन्हें सलाह देते हुए कहा कि, लोकतंत्र में सबको अपनी बात रखने की आजादी है। लेकिन सरकार अपराधियों को सजा दे रही है। अगर फिर भी चिराग पासवान को कोई समस्या है, तो मीडिया से हटकर सरकार से बातचीत करना चाहिए।
80 फिसदी समस्याओं का मौके पर समाधान
बता दें कि लखेंद्र पासवान आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित सहयोग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे थे, जहां उन्होंने कार्यालय में आए लोगों की समस्याओं का सुना और मौके पर ही उनका समाधान करने का प्रयास किया। कार्यक्रम को लेकर उन्होंने कहा कि, सहयोग कार्यक्रम में आए लगभग 80% समस्याओं का निष्पादन मौके पर ही हो गया है और जो भी समस्या आता है उस पर त्वरित कार्रवाई की जाती है।
डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने कही ये बात
चिराग पासवान के शर्म वाले बयान पर जदयू के वरिष्ठ नेता और डिप्टी सीएम विजय चौधरी की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। डिप्टी सीएम ने कहा कि, चिराग पासवान ने जो बयान दिया है, उसको लेकर हम कहते हैं कि वो हमारे गठबंधन के साथी हैं, उन्हें भी बिहार की चिंता है। समय-समय पर जो घटना हुई है, वो तो चिंता का विषय है ही लेकिन कार्रवाई जिस तरह से हुई ये भी सभी को देखना चाहिए।
विजय चौधरी ने कहा कि, हमारे नेता पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में सुशासन कि लकीर को खींचा है और उसी लकीर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी काम कर रहे हैं, जो घटनाएं होती है। सरकार फौरन उसपर कारवाई करती है। किसी भी हालात में अपराधी नहीं बख्शे जाएंगे। ये बात जनता भी जान रही है और देख रही है।
ये भी पढ़ें- बिहार MLC चुनाव: पटना शिक्षक सीट से राजद के संजीव सिंह ने दाखिल किया नामांकन, बोले- मिटाना है कलंक


