Bihar news: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने छात्र आंदोलन के दौरान सीवान में एके-47 से हुई फायरिंग की घटना को लेकर 19 अगस्त को राजभवन मार्च का ऐलान किया है। वहीं, अब इस मुद्दे पर उन्हें उनके पिता और राजद सुप्रीमो लालू यादव का भी साथ मिला है। दरअसल लालू यादव ने आज मंगलवार (18, अगस्त) को सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से एक पोस्ट साझा करते हुए AK-47 से हुई फायरिंग की घटना को लेकर बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा है।

तानाशाही के खिलाफ एकजुट होने का किया आह्वान

लालू यादव ने अपनी एक्स पोस्ट में लिखा, समस्त छात्र-युवा शक्ति पेपरलीक, बदहाल शिक्षा प्रणाली, पक्षपातपूर्ण बहाली प्रक्रिया और बेरोजगारी से त्रस्त है। लूट तंत्र से बनी दंभी सरकार छात्रों की लोकतांत्रिक मांगों को सुनने की बजाय AK-47 से गोलियां बरसाती है, यह अन्यायपूर्ण है। इसके साथ ही उन्होंने इस तानाशाही के विरुद्ध सभी से 19 अगस्त को पटना में एकजुट होने का आह्वान किया।

कल होना है राजद का राजभवन मार्च

बता दें कि 12 अगस्त को दिल्ली में AK-47 से हुई फायरिंग की घटना के विरोध में राजभवन मार्च का ऐलान करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा था कि, चाहे बिहार सरकार के मुख्यमंत्री हो या फिर देश के प्रधानमंत्री हो या गृह मंत्री अमित शाह, सभी ने मुंह में दही जमाने का काम किया है। इस मुद्दे पर लगातार विपक्ष और देश जानना चाहता है कि ऐसी घटना जहां छात्रों पर गोली चलाई जा रही हो, उसका गुनहगार कौन है?

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि, जब मामला बढ़ा तो एक मामूली सिपाही को सस्पेंड करके पल्ला झाड़ने की बात हो गई। इससे साफ है कि ये लोग जवाब देने से इसलिए बच रहे हैं। क्योंकि इनकी चोरी पकड़ी गई। सवाल यह खड़ा होता है कि अब तक SP का निलंबन क्यों नहीं किया गया? हम लोगों ने निर्णय लिया है कि आने वाले 19 अगस्त को 11 बजे से हम सभी लोग पार्टी दफ्तर से राज भवन तक मार्च करेंगे।

सरकार को जो एक्शन लेना था, लिया- संजय झा

तेजस्वी के राजभवन मार्च पर जदयू सांसद संजय झा कि भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि, उस समय केंद्र सरकार ने छात्रों की सभी समस्याओं का समाधान किया। यहां भी छात्रों पर लगे सभी केस खत्म किए गए। सिवान में जो घटना घटी उस पर बिहार सरकार ने तुरंत कार्रवाई की। जिसने यह किया था, उसे सस्पेंड किया गया है। बिहार सरकार को जो एक्शन लेना था, उन्होंने लिया है।

ये भी पढ़ें- सीएम सुपौल में करेंगे डॉ. जगन्नाथ मिश्र की प्रतिमा का अनावरण, पुख्ता प्रशासनिक तैयारियां शुरू