IRCTC Scam: राजद सुप्रीमो लालू यादव और राबड़ी देवी आज शुक्रवार को पटना से दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं। गौरतलब है कि कल 3 अक्टूबर को बहुचर्चीत IRCTC होटल टेंडर घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट अपना अहम फैसला सुनाने वाली है, जिसके लिए लालू यादव और राबड़ी देवी की कोर्ट में पेशी होनी है। कोर्ट ने मामले में लालू, राबड़ी, तेजस्वी समेत अन्य 9 के खिलाफ आरोप तय किए हैं। वहीं, 7 आरोपियों को बरी किया गया है। ऐसे में कल का दिन लालू परिवार के लिए काफी अहम होने वाला है।

तेजस्वी भी हो सकते हैं दिल्ली रवाना

IRCTC घोटाला मामले में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को भी कोर्ट में पेश होना है। ऐसे में आज देर शाम तक वह भी पटना से दिल्ली के लिए रवाना हो सकते है। हालांकि पटना एयरपोर्ट पर वह अपने माता-पिता के साथ नहीं नजर आए।

जानें क्या है IRCTC घोटाला?

दरअसल IRCTC घोटाले से जुड़ा यह मामला उस समय का है जब लालू प्रसाद यादव 2004 से 2009 तक रेल मंत्री थे। सीबीआई और ईडी के अनुसार, इस दौरान रांची और पुरी के दो IRCTC होटल को निजी कंपनी सुजाता होटल्स को अनुचित तरीके से लीज पर दिया गया था। एजेंसी का आरोप है कि इसके बदले में लालू यादव के परिवार को कीमती जमीन और शेयर बहुत कम दामों में दिए गए। जांच एजेंसियों के अनुसार, यह सौदा भ्रष्टाचार और साजिश के तहत किया गया था।

​लालू परिवार ने बताया राजनीतिक साजिश

वहीं, दूसरी ओर लालू परिवार इन सभी आरोपों को निराधार बताते हुए इसे महज एक राजनीतिक साजिश करार दिया है। लालू परिवार का कहना है कि राजनीतिक द्वेष के चलते उनके परिवार को फंसाने के लिए यह सब साजिश के तहत किया जा रहा है। वे इस कानूनी लड़ाई को लड़ने के लिए तैयार हैं और वह अदालत में अपनी बेगुनाही को साबित करके रहेंगे।

ये भी पढ़ें- ‘लाखों महिलाएं आज आत्मनिर्भर’, जीविका के 20 साल पूरा होने पर निशांत कुमार ने गिनाए नीतीश के काम