पटना। राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव हाल ही में सिंगापुर पहुंचे हैं जहां उनका स्वागत उनकी बेटी रोहिणी आचार्या ने बेहद भावुक अंदाज में किया। एयरपोर्ट पर पिता को देखते ही रोहिणी की खुशी का ठिकाना न रहा। उन्होंने इस मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है जिसमें वे अपने पिता के पैर छूकर आशीर्वाद लेती नजर आ रही हैं। इस वीडियो में रोहिणी की बहन मीसा भारती भी साथ दिखाई दे रही हैं।


मेरे घर भगवान आए हैं
रोहिणी आचार्या ने इस मिलन को अत्यंत भावनात्मक बताते हुए लिखा, हमारे घर आज हमारे भगवान आए हैं। हमारी छोटी सी दुनिया में हमारे चारों धाम आए हैं। उनके चरणों की धूल ले लें हम, हमारे कृपानिधान आए हैं। वीडियो में उन्होंने अपने बचपन की यादों को ताजा करते हुए पिता के साथ अपनी पुरानी तस्वीरें भी लगाई हैं। वीडियो के बैकग्राउंड में बज रहा विदाई का गीत तोहरे बगिया के रहनी सुगनिया… इस भावुक पल को और अधिक मार्मिक बना रहा है।
बिहार से ले गए खास सौगात
लालू यादव अपने साथ बिहार की खास पहचान वाली चीजें भी ले गए हैं। उन्होंने रोहिणी के लिए बिहार के प्रसिद्ध आम और लीची की पेटियां विशेष रूप से साथ रखी थीं। आम और लीची के अलावा, लालू यादव ने अपनी बेटी के लिए लड्डू, विभिन्न प्रकार की मिठाइयां, मूढ़ी और श्रृंगार का सामान भी उपहार स्वरूप भेंट किया है। यह उपहार दर्शाता है कि पिता-पुत्री के इस रिश्ते में आत्मीयता कितनी गहरी है।
पिछले दिनों चर्चा में रहा था रोहिणी का प्रस्थान
यह मुलाकात इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि 15 नवंबर की रात रोहिणी आचार्या ने बेहद दुखी मन से राबड़ी आवास छोड़ा था। उस समय पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने परिवारिक तनाव की ओर इशारा किया था। उन्होंने तेजस्वी यादव के करीबी सहयोगियों संजय यादव और रमीज पर दबाव बनाने का गंभीर आरोप भी लगाया था। रोहिणी ने उस दौरान कहा था कि उनसे जवाब मांगने के बजाय उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। सिंगापुर में पिता से यह मुलाकात उनके समर्थकों के लिए काफी चर्चा का विषय बनी हुई है।

