कुंदन कुमार, पटना। बिहार समेत देशभर में बड़े ही धूम-धाम के साथ शारदीय नवरात्र का त्योहार मनाया जा रहा है। दुर्गा पूजा के दौरान राजधानी पटना से एक बड़ी और खास खबर सामने आई है। दरअसल कल रविवार को महाष्टमी के दिन राजद सुप्रीमो लालू यादव अचानक अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव के आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने जजद अध्यक्ष के आवास पर स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा का दर्शन-पूजन किया। लालू यादव के साथ उनकी दोनों बेटियां रोहिणी आचार्य और मीसा भारती भी अपने भाई के घर पहुंची थीं। हालांकि तेजस्वी यादव और मां राबड़ी देवी कहीं नजर नहीं आईं, जो सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
नहीं पहुंचे तेजस्वी और राबड़ी देवी
तेज प्रताप के घर पर लालू यादव द्वारा मां दुर्गा की पूजा-अर्चना करने का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह मां दुर्गा की आरती करते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान तेज प्रताप यादव, रोहिणी और मीसा भारती भी पूजा में शामिल रहे। जजद अध्यक्ष ने इस मौके पर पिता और बहनों का आशीर्वाद लिया। पिता और बहनों के घर पहुंचने से तेज प्रताप काफी खुश नजर आए। हालांकि तेजस्वी यादव और राबड़ी देवी उनके साथ घर क्यों नहीं पहुंचे? इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
डाकबंगला स्थित पूजा पंडाल में किया दर्शन

तेज प्रताप यादव के घर पहुंचने से पहले लालू यादव अपनी दोनों बेटियों मीसा भारती और रोहिणी आचार्य के साथ डाकबंगला स्थित पूजा पंडाल में पहुंचे, जहां उन्होंने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर माता रानी से आशीर्वाद लिया। पूरे परिवार ने एक साथ मां शेरावाली के चरणों में माथा टेका और प्रदेश में शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूजा के दौरान पंडाल समिति के सदस्यों ने लालू यादव और उनके परिवार का भव्य स्वागत किया।
परिवार को लेकर संवेदनशील हैं तेज प्रताप यादव
गौरतलब है कि तमाम विवाद और नाराजगी के बावजूद तेज प्रताप यादव अपने परिवार को लेकर काफी संवेदनशील रहते हैं। हालही में अनुष्का यादव द्वारा मीडिया के सामने आने और आरोपों को लेकर हुई बयानबाजी के बीच तेज प्रताप ने सोशल मीडिया पर परिवार को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताते हुए एक पोस्ट शेयर किया था।
तेज प्रताप यादव ने परिवार के साथ एक तस्वीर सांझा करते हुए लिखा था, मेरा परिवार मेरी सबसे बड़ी ताकत है। जलने वाले जलते रहें, हम आगे बढ़ते रहेंगे! तस्वीर में तेज प्रताप भाई तेजस्वी , भाभी राजश्री, मां राबड़ी देवी और अपनी बहनों के साथ नजर आ रहे हैं। साथ ही उन्होंने आगे लिखा कि, मैं गंदी नाली के कीड़ों पर ध्यान देना अपनी शान के खिलाफ समझता हूं। कौन मेरे बारे में क्या बोलता है? कौन क्या सोचता है? इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। मैं अपने शो में व्यस्त हूं, अपने काम में मस्त हूं और अपने लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ रहा हूं।
हालही में राइज एंड फॉल सीजन-2 में भी तेज प्रताप पहुंचे थे, जहां उन्होंने यूट्यूबर मनीष कश्यप को लेकर उन्होंने एक बयान देते हुए कहा था कि, यह मेरे भाई (तेजस्वी यादव) के खिलाफ बोलता है। उनका यह क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। बता दें कि यूट्यूबर मनीष कश्यप भी शो का हिस्सा थे।
ये भी पढ़ें- नवादा में पुलिस टीम पर हमला, महिला सिपाही का वीडिया बनाने से मना करने पर विवाद, 11 लोग गिरफ्तार

