हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर के कनाड़िया थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जो पुलिस की साख पर ही सवाल खड़े कर रहा है। 500 करोड़ रुपये की कीमती जमीन पर कब्जे को लेकर हुए विवाद में बीट के जवानों पर हमला हुआ, लेकिन इसके बाद जो हुआ, वो किसी थ्रिलर से कम नहीं। घटनास्थल पर सुंदर मटन चिकन की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरों ने पूरी वारदात रिकॉर्ड की थी।

विभागीय जांच के आदेश

सूत्रों का दावा है कि पुलिस ने डीवीआर कब्जे में लेने के बाद उसे ही गायब कर दिया। सवाल यह है- आरोपियों को बचाने के लिए क्या सबूतों से ही खिलवाड़ किया गया? मामला तब तूल पकड़ा जब lalluram.com पर खबर प्रमुखता से प्रकाशित हुई। इसके बाद हड़कंप मचा और पुलिस कमिश्नर ने खुद कनाड़िया थाना प्रभारी सहर्ष यादव को तलब कर लिया। अब थाना प्रभारी की भूमिका की विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

एफआईआर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ क्यों?

जब पुलिसकर्मियों पर हमला हुआ, वीडियो मौजूद थे, आरोपियों की पहचान भी हो चुकी थी, तो आखिर एफआईआर नामजद की जगह अज्ञात आरोपियों के खिलाफ क्यों दर्ज हुई? यह सवाल पूरे मामले को संदेह के घेरे में ला देता है।

थाने पर 10 लाख का लेनदेन!

सूत्रों के मुताबिक विवाद से ठीक एक दिन पहले मोहसिन नाम के व्यक्ति ने थाने पर 10 लाख रुपये पहुंचाए थे। कहा जा रहा है कि इसी “पावर” के दम पर मोहसिन ने थाना प्रभारी से बदसुलूकी भी की। इसका सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद बताया जा रहा है, लेकिन यह आज तक वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में नहीं लाया गया। आरोप है कि थाना प्रभारी पूरे मामले को दबाने की कोशिश में जुटे रहे, और जब बात कमिश्नर तक पहुंची, तब जाकर एफआईआर दर्ज हुई। यही नहीं, सूत्र यह भी बता रहे हैं कि मोहसिन का एक साथी- उज्जैन का है जो थाने पहुंचा था, जिसे बाद में पुलिस की गाड़ी से ही छुड़वा दिया गया।

क्या सबूतों से छेड़छाड़ हुई?

यह आरोप पुलिस की निष्पक्षता पर सीधा सवाल है। घटना में घायल हुए आशीष शर्मा और विजय सिकरवार- दोनों जवानों पर कथित रूप से मीडिया से बातचीत न करने का दबाव बनाया गया। अगर यह सच है, तो यह सिर्फ हमले का मामला नहीं, पूरे सच को दबाने की साज़िश बनता जा रहा है। क्या 500 करोड़ की इस ज़मीन के खेल में कानून से ज़्यादा ताकत किसी भूमाफिया की चल रही है? क्या सबूतों से छेड़छाड़ हुई? क्या दोषियों को बचाने की कोशिश हुई?

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m