सुमन चौहान, करनाल। भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग द्वारा सीएससी-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के सहयोग से दिशा योजना के तहत टेली-लॉ कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार और नागरिकों को नि:शुल्क विधिक सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करने के लिए हरियाणा में 22 दिवसीय जिला स्तरीय दिशा मोबाइल जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

डीसी और सीजेएम ने दिखाई जागरूकता वैन को हरी झंडी

इसी क्रम में मंगलवार को उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा और मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव मीनाक्षी यादव ने लघु सचिवालय से दिशा जागरूकता मोबाइल वैन को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। करनाल इस राज्यव्यापी अभियान का पहला जिला है।

गांव-गांव पहुंचकर दी जाएगी कानूनी जानकारी

यह मोबाइल वैन अगले दो सप्ताह तक जिले के सभी गांवों और शहरी क्षेत्रों में पहुंचेगी। इसके माध्यम से लोगों को टेली-लॉ कार्यक्रम, नि:शुल्क विधिक सहायता, कानूनी अधिकारों और अन्य डिजिटल न्याय सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके बाद अभियान प्रदेश के अन्य जिलों में भी चलाया जाएगा।

कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना है उद्देश्य

उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य आमजन को न्याय व्यवस्था, कानूनी अधिकारों और उपलब्ध विधिक सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव या संकोच के कारण कई लोग अपने कानूनी अधिकारों का लाभ नहीं ले पाते। यह अभियान ऐसे लोगों तक सरल तरीके से जरूरी जानकारी पहुंचाएगा।

टेली-लॉ से घर के पास मिलेगी मुफ्त कानूनी सलाह

सीजेएम मीनाक्षी यादव ने कहा कि टेली-लॉ कार्यक्रम के जरिए नागरिकों को उनके घर के निकट ही नि:शुल्क कानूनी परामर्श और विधिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पात्र और जरूरतमंद लोगों को लगातार मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने लोगों से इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

आधुनिक सुविधाओं से लैस है जागरूकता वैन

उन्होंने बताया कि दिशा मोबाइल जागरूकता वैन में एलईडी डिस्प्ले, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, ऑडियो-वीडियो जागरूकता सामग्री तथा सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) सामग्री उपलब्ध है। इसके माध्यम से लोगों को टेली-लॉ सेवाओं, नि:शुल्क विधिक सहायता, विभिन्न कानूनी प्रावधानों और न्याय पाने की प्रक्रिया की आसान भाषा में जानकारी दी जाएगी।

नागरिकों से अभियान से जुड़ने की अपील

डीसी और सीजेएम ने जिले के लोगों से अपील की कि जब यह जागरूकता वैन उनके क्षेत्र में पहुंचे तो अधिक से अधिक संख्या में इसका लाभ उठाएं और अपने कानूनी अधिकारों व उपलब्ध विधिक सेवाओं की जानकारी प्राप्त करें।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर सीएससी के स्टेट हेड आशीष शर्मा, स्टेट प्रोजेक्ट मैनेजर आरिफ राजाका, टेली-लॉ विभाग के सीनियर मैनेजर शक्ति सिंह, नरेंद्र सिंह, स्टेट कोऑर्डिनेटर मुजफ्फर हुसैन सहित जिला प्रशासन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m