कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा की राजनीति के बीच सोमवार रात एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जहां मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सियासत से थोड़ा ब्रेक लेकर क्रिकेट के मैदान में हाथ आजमाया। सामने गेंदबाजी कर रहे थे ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क, लेकिन दिलचस्प बात यह रही कि मुख्यमंत्री ने उनके एक ओवर में 2 जोरदार छक्के जड़ दिए। मजाकिया अंदाज में क्लार्क भी बोल पड़े—“लगता है अब मुझे गेंदबाजी छोड़ देनी चाहिए।”

दरअसल, न्यू चंडीगढ़ (मुल्लांपुर) में 6 से 8 जून तक खेले गए भारत-अफगानिस्तान टेस्ट मैच की कमेंट्री के लिए माइकल क्लार्क भारत आए थे। मैच खत्म होने के बाद सोमवार को वह मुख्यमंत्री नायब सैनी से मिलने उनके आवास पहुंचे। यहां क्रिकेट पर बातचीत के बीच माहौल तब दिलचस्प हो गया, जब बैट और बॉल निकल आई और दोनों ने क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया।

माइकल क्लार्क ने मुख्यमंत्री को अपना ऑटोग्राफ वाला बैट भी गिफ्ट किया। इसके बाद उन्होंने खुद गेंदबाजी की, जिसमें सीएम सैनी ने 2 सिक्स लगाए, जबकि बाकी गेंदों को संभलकर खेला। मुख्यमंत्री के शॉट्स देखकर क्लार्क ने हंसते हुए कहा कि अब शायद उन्हें गेंदबाजी पर दोबारा सोचना पड़ेगा।

मुलाकात के दौरान हरियाणा में खेल प्रतिभाओं और क्रिकेट के भविष्य को लेकर भी चर्चा हुई। माइकल क्लार्क ने कहा कि हरियाणा में बेहतरीन खिलाड़ी मौजूद हैं और उन्हें उम्मीद है कि प्रदेश आने वाले समय में देश-दुनिया को कई शानदार क्रिकेटर देगा। वहीं मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो साझा करते हुए इस मुलाकात को खास और प्रेरणादायक बताया।