कुंदन कुमार, पटना। पीएम मोदी ने बीते 10 मई को हैदराबाद में एक कार्यक्रम के दौरान देश की जनता से एक साल तक सोना नहीं खरीदने, पेट्रोल-डीजल की बचत करने, वाहनों का प्रयोग कम करने की अपील की थी। सोना नहीं खरीदने के पीछे पीएम मोदी ने तर्क देते हुए कहा था कि, सोना बाहर से मंगाने में बहुत सारा विदेशी पैसा खर्च होता है, इसलिए देश के हित में हमें एक साल तक सोना खरीदने से बचना चाहिए। पीएम मोदी के इस अपील पर बिहार सरकार में मंत्री लेशी सिंह की प्रतिक्रिया सामने आई है।

सबसे पहले राष्ट्र सुरक्षा- लेशी सिंह

पटना में मीडिया कर्मियों से बात करते हुए लेशी सिंह नेकहा कि, महिला होने के नाते हम सभी से अपील करेंगे। देश सर्वोपरि है, जब कोई भी संकट देश पर पड़े आप लोग खुद जान रहे हैं कि अभी की स्थिति और परिस्थिति क्या है? सबसे पहले राष्ट्र की सुरक्षा आता है, राष्ट्र के हित में लिया गया हर फैसला देश के नागरिकों के लिए सबसे बड़ा होता है।

मंत्री हो या नेता सबको पालन करना होगा नियम- लेशी सिंह

लेशी सिंह ने आगे कहा कि, हम लोग भी अपने काफिले में गाड़ी कम करेंगे ताकि सभी लोग प्रधानमंत्री की तरफ से जो अपील की गई है उसे नियम का पालन हो सके। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि, बिहार देश के अंदर है, जब राष्ट्र की बात होती है, तो हमारे लिए, सरकार के लिए, आम आदमी के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी ने बताया कि, पहले भी जब युद्ध हुआ था, तो तब के प्रधानमंत्री ने देश की नागरिकों से अपील की थी। हम लोग हों, नेता हो या मंत्री सभी देश के अंदर आते हैं, सबको नियम का पालन करना है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंची थीं मंत्री

दरअसल जदयू कार्यालय में आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया था, जिसे डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने संबोधित करते हुए पीएम मोदी द्वारा किए गए अपील पर अपनी बातों को सामने रखा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए लेशी सिंह भी पार्टी कार्यालय पहुंची हुई थी, जहां मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने यह बयान दिया।

सवाल उठा रहा विपक्ष

एक तरफ पीएम मोदी द्वारा किए गए अपील पर एनडीए के नेता जहां, उनके बयान को राष्ट्रहित में लिया गया एक फैसला बता रहे हैं। वहीं, विपक्ष के नेता इसे सरकार की नाकामी करार देते हुए नजर आ रहे हैं। राजद सांसद मनोज झा ने पीएम मोदी द्वारा किए गए अपील पर मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, इसकी सबकी बड़ी मार उस तबके पर पड़ेगी, जिसका आपने जिक्र तक नहीं किया। मैं दिहाड़ी मजदूर की बात कर रहा हूं। जिस तरह की चीजें आप अपील कर रहे हैं। लोगों को काम नहीं मिलेगा। वैसे ही लगभग बंदी के हालात हैं। आपके और आपके मंत्रियों के आचरण और व्यवहार में 24 घंटे में कोई परिवर्तन नहीं दिखा। कुछ मंत्री केवल फोटो के लिए EV गाड़ी दिखा रहे हैं।

ये भी पढ़ें- ‘सिर्फ जुबानी खर्च से नहीं चलता देश’, NEET परीक्षा रद्द होने पर तेजस्वी की PM मोदी पर बड़ा हमला