कुंदन कुमार/​पटना। बिहार की राजनीति में इन दिनों पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है। भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने इस मुद्दे पर सरकार का रुख स्पष्ट करते हुए साफ कर दिया है कि राबड़ी देवी को यह आवास हर हाल में खाली करना होगा।

​दलित मंत्री का अधिकार है यह आवास

​मंत्री लेशी सिंह ने स्पष्ट किया कि 10 सर्कुलर रोड का आवंटन पूरी तरह से नियमों के दायरे में रहकर किया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि यह सरकारी आवास बिहार सरकार के मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया गया है, जो एक दलित समुदाय से आते हैं। मंत्री ने तल्ख लहजे में सवाल किया कि क्या एक दलित मंत्री को बड़े या अच्छे आवास में रहने का हक नहीं है? उन्होंने कहा कि विभाग ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए नंद किशोर राम को यह घर दिया है, क्योंकि इससे पहले उन्हें जो आवास उपलब्ध कराया गया था, वह उनके अनुरूप नहीं था।

कानून किसी के लिए अलग नहीं

​राजद नेताओं द्वारा अन्य आवासों को लेकर की जा रही टिप्पणियों पर पलटवार करते हुए लेशी सिंह ने कहा कि सरकार हर सवाल का जवाब देने में सक्षम है। उन्होंने दो टूक कहा कानून सबके लिए बराबर है। नियम के अनुसार ही सभी को आवास आवंटित किए गए हैं।

​राबड़ी देवी को मिला है विकल्प

​मंत्री लेशी सिंह ने बताया कि सरकार ने राबड़ी देवी के सम्मान का पूरा ख्याल रखा है। उनके लिए हार्डिंग रोड में एक सुसज्जित और बेहतर आवास आवंटित किया गया है। लेशी सिंह ने यह भी कहा कि यदि उस नए आवास में राबड़ी देवी को किसी और सुधार या काम की आवश्यकता है, तो भवन निर्माण विभाग उसे पूरा करने के लिए तैयार है। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि सुविधाओं का विस्तार करने का मतलब यह नहीं कि वे आवंटित सरकारी नियमों की अनदेखी करें। अंत में मंत्री ने फिर दोहराया कि प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत उन्हें 10 सर्कुलर रोड का आवास खाली करना ही होगा। इस बयान के बाद बिहार की सियासत में आवास को लेकर जारी घमासान के और तेज होने के आसार हैं।