कुंदन कुमार, पटना। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने हाल में हुए लड़कियों के साथ छेड़खानी के मामले पर अपने ही सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि मुझे शर्म आती है कि मैं एक ऐसी सरकार का समर्थन कर रहा हूं, जहां अपराध पूरी तरीके से बेलगाम हो चुका है। चिराग पासवान के इस बयान पर जदयू नेत्री और बिहार सरकार में मंत्री लेशी सिंह कि प्रतिक्रिया सामने आई है।
‘चिराग NDA के बड़े नेता’
चिराग पासवान के बयान पर मंत्री लेशी सिंह ने कहा है कि, चिराग पासवान एनडीए के बड़े नेता हैं और उन पर कुछ बोलने का हमारा अधिकार नहीं है। वो क्या बोले? नहीं बोले? हमने सुना नहीं है। हो सकता है, वो उनका निजी राय हो। इसीलिए इस पर हम कुछ नहीं कह सकते।
वहीं, विपक्ष द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन पर लेशी सिंह ने कहा कि, विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। इसीलिए ऐसा कर रहे हैं, जहां कांग्रेस चुनाव जीती। वहां क्या हुआ? इसका जवाब कांग्रेस क्यों नहीं देती है?
चिराग पासवान का बयान
दरअसल जमुई से लेकर समस्तीपुर और राजधानी पटना की घटनाओं का जिक्र करते हुए जब चिराग पासवान से यह पूछा गया कि क्या आपको लगता है कि बिहार में महिलाएं या लड़कियां सुरक्षित हैं? इसपर जवाब देते हुए चिराग ने कहा कि, हाल के दिनों में जिस तरह की घटनाएं सामने आई हैं, उसे देखकर यह लगता है कि बिहार में कोई भी सुरक्षित नहीं है। कई बार मुझे इस बात का दुख होता है कि मैं एक ऐसी सरकार का हिस्सा हूं…मैं ऐसी सरकार का समर्थन कर रहा हूं, जहां अपराधी पूरी तरह से बेलगाम हो चुके हैं।
चिराग पासवान ने कहा कि, पुलिस-प्रशासन पूरी तरह से निकम्मा हो चुका है। बिहार और बिहारियों को सुरक्षित रखना अब इनके बस का नहीं रह गया है। मैं बिहार सरकार से यह आग्रह करूंगा की समय रहते इस तरह के लापरवाह अधिकारियों के ऊपर भी कार्रवाई होनी चाहिए।
बिहार में बढ़ा है अपराध का ग्राफ
गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों में जमुई, समस्तीपुर, मधेपुरा और बांका समेत अन्य जगहों से नाबालिग छात्राओं एवं युवतियों के साथ छेड़खानी से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे, जिसे लेकर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहा है। वहीं, राजधानी पटना में बीते दिनों पूर्व पार्षद अनिल यादव और गैराज संचालक बदमाशों ने सरेआम फायरिंग कर दी, जिसमें गैराज संचालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इन सभी घटनाओं को लेकर विपक्ष बिहार सरकार पर लगातार हमलावर है। वहीं, चिराग पासवान के इस बयान ने इस मामले को और तूल दे दिया है।
ये भी पढ़ें- बाढ़ के खतरे के बीच डुमरिया घाट पहुंचेंगे CM सम्राट चौधरी, गंडक के बढ़ते जलस्तर का लेंगे जायजा


