यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर से एक डरावनी घटना सामने आई है। शहर की शांति कॉलोनी के पास रविवार की देर रात एक नेल आर्टिस्ट और उसके दोस्त पर तीन युवकों ने अचानक हमला कर दिया। मामूली सी बात पर हुई कहासुनी के बाद आरोपियों ने दोनों को घेरकर बेरहमी से पीटा। इसके बाद उनकी बाइकों पर पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया। एक बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जबकि दूसरी बाइक को डंडों से बुरी तरह तोड़ डाला गया। हमलावर जाते वक्त नेल आर्टिस्ट के गले से चांदी की चेन भी छीनकर फरार हो गए। सुबह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
गाली-गलौज के बाद हुआ विवाद
पीड़ित के भाई अर्जुन ने बताया कि उसका भाई सूरज मॉडल टाउन में नेल आर्ट का काम करता है। रविवार रात करीब बारह बजे वह अपनी दुकान बंद करके घर लौट रहा था। उसके साथ दूसरी बाइक पर उसका एक दोस्त भी था। रास्ते में उन्हें तीन युवक मिले जो किसी के घर के बाहर गाली-गलौज करने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान किसी बात पर सूरज और उन युवकों के बीच कहासुनी हो गई। आरोपियों ने दोनों को रास्ते में रोककर हमला कर दिया। मारपीट में सूरज के सिर पर गहरी चोट आई और उसके दोस्त की टांग पर डंडों से वार किया गया।
पेट्रोल डालकर जलाई बाइक
मारपीट के बाद आरोपियों की दरिंदगी यहीं नहीं रुकी। उन्होंने दोनों युवकों की बाइकों पर पेट्रोल छिड़क दिया। एक बाइक में आग लगते ही वह देखते ही देखते पूरी तरह जलकर राख हो गई। दूसरी बाइक में आग नहीं लगी तो उन्होंने उसे डंडों से तोड़ दिया। वारदात के दौरान आरोपियों ने सूरज के गले से चांदी की चेन भी छीन ली। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
चिट्टा मंदिर क्षेत्र के रहने वाले हैं आरोपी
परिजनों का कहना है कि सूरज की किसी से कोई पुरानी दुश्मनी नहीं थी और वह हमलावरों को नहीं जानता था। स्थानीय लोगों से पता चला है कि हमला करने वाले युवक चिट्टा मंदिर इलाके के रहने वाले हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस को शिकायत देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


