सोनीपत। कुंडली स्थित NIFTEM (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फूड टेक्नोलॉजी एंटरप्रेन्योरशिप एंड मैनेजमेंट) में ड्यूटी के दौरान हुए मामूली विवाद ने देर रात हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कॉलेज के एक सिक्योरिटी गार्ड ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर सहकर्मी को कॉलेज के बाहर घेर लिया और जातिसूचक टिप्पणी करते हुए उस पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पीड़ित का इलाज पीजीआई रोहतक में चल रहा है। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ड्यूटी छोड़ने से इनकार पर मिली धमकी

पीड़ित कृष्णपाल ने पुलिस को बताया कि वह NIFTEM कॉलेज में सिक्योरिटी गार्ड हैं। दोपहर के समय गेट नंबर-2 पर ड्यूटी के दौरान सहकर्मी अतुल ने उन्हें दूसरी जगह जाने के लिए कहा। अधिकारियों के आदेश के बिना ड्यूटी छोड़ने से मना करने पर दोनों के बीच बहस हो गई। आरोप है कि इसी दौरान अतुल ने रात में “देख लेने” की धमकी दी।

कॉलेज से निकलते ही रास्ता रोककर किया हमला

शिकायत के मुताबिक, रात करीब 10 बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद कृष्णपाल स्कूटी से घर लौट रहे थे। कॉलेज के बाहर गोल चक्कर के पास अतुल ने कार से उनका रास्ता रोक लिया। कुछ ही देर में बाइक और कार से पहुंचे पांच अन्य लोगों ने भी उन्हें चारों तरफ से घेर लिया।

जातिसूचक टिप्पणी कर बरसाए डंडे

पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने पहले जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया और फिर लाठी-डंडों से सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। आरोप है कि हमलावर उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए।

PGI रोहतक में चल रहा इलाज

होश आने के बाद कृष्णपाल ने डायल-112 पर सूचना दी। इसके बाद उन्हें पहले सोनीपत के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।

SC/ST एक्ट समेत कई धाराओं में केस

कुंडली थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुख्य आरोपी अतुल और उसके पांच अज्ञात साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के साथ एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है तथा मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।