सुशीला देवी गुडगांव। गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर क्षेत्र के गांव कासन में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा 55 वर्षीय व्यक्ति पैरोल पर बाहर आया और दिनदहाड़े गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 को थाना सेक्टर-7 आईएमटी मानेसर को सूचना मिली कि गांव कासन में सुंदर नामक व्यक्ति को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सीन ऑफ क्राइम व फिंगरप्रिंट टीमों की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।

मृतक की पत्नी ने शिकायत में बताया कि उसका पति गांव के मोनी बाबा के चबूतरे पर बैठा था, तभी रोहन और गुलशन हथियार लेकर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से सुंदर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा और अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।

घटना के बाद मौके से एक देसी पिस्तौल और एक देसी कट्टा बरामद किया गया। मामले की जांच में जुटी अपराध शाखा सेक्टर-10 की टीम ने 4 मई को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान गुलशन उर्फ गुल्लू उर्फ गणेश और कार्तिक चौहान उर्फ छोटा रोहन (दोनों उम्र 20 वर्ष) के रूप में हुई है।

पूछताछ में सामने आया कि कार्तिक के पिता की हत्या वर्ष 2018 में मृतक सुंदर ने की थी, जिसका बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस के मुताबिक, हत्या में इस्तेमाल अवैध हथियार उत्तर प्रदेश से लाए गए थे।
फिलहाल पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। मामले की जांच जारी है।