अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में बीती रात मौसम के बदले मिजाज और तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक बड़ा हादसा हो गया। जैतपुर थाना क्षेत्र के तीन अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक 11 साल के बच्चे और महिला सहित 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 3 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

तीन अलग-अलग गांवों में गिरी गाज

जानकारी के अनुसार, बीती रात जैतपुर थाना क्षेत्र में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान तीन अलग-अलग स्थानों—झिक बिजुरी, दर्शिला चौकी क्षेत्र के चुटकी टोला और रोकवे गांव में आकाशीय बिजली गिरी। मृतकों की पहचान- धर्मेंद्र सिंह (उम्र 11 वर्ष), किशन (28 वर्षीय महिला), सुंदर पाव (ग्रामीण) है।

बड़ी खबर: मध्यप्रदेश में ऊर्जा विभाग के 6 हजार संविदा कर्मचारी होंगे नियमित, विभाग ने जारी किए निर्देश

घायलों का इलाज जारी, गांव में मातम

आकाशीय बिजली की चपेट में आने से घायल हुए 3 से अधिक लोगों को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। एक ही रात में तीन लोगों की मौत की खबर फैलते ही जैतपुर थाना क्षेत्र और आसपास के गांवों में सन्नाटा पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m