० 48 घंटे की देरी से पहुंचा मानसून, कई जिलों में झमाझम बारिश… 7 जुलाई तक भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

चंडीगढ़। हरियाणा में मानसून की दस्तक के साथ बड़ा हादसा भी सामने आया है। फतेहाबाद के भूना क्षेत्र में एक डेयरी पर आकाशीय बिजली गिरने से इमारत ढह गई, जिससे 30 भैंस और 8 गाय मलबे में दब गईं। इसी बीच गुरुवार तड़के से हिसार, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत, करनाल, गुरुग्राम और फतेहाबाद समेत कई जिलों में मानसूनी बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग ने अगले 7 जुलाई तक भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया है।
डेयरी पर गिरी बिजली, 38 पशु मलबे में दबे

फतेहाबाद के भूना क्षेत्र के गांव दहमन में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से डेयरी की इमारत क्षतिग्रस्त हो गई। डेयरी संचालक रमेश कुमार दहिया ने ग्रामीणों की मदद से सभी पशुओं को मलबे से बाहर निकाला। हादसे में 8 पशुओं की हालत गंभीर बताई जा रही है।

12 साल बाद फिर देर से पहुंचा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार, इस बार हरियाणा में मानसून 48 घंटे की देरी से पहुंचा है। सामान्य तौर पर प्रदेश में मानसून 29 जून तक प्रवेश कर जाता है। इससे पहले 2014 में भी मानसून 1 जुलाई को पहुंचा था। विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटे में मानसून पूरे हरियाणा को कवर कर लेगा।

7 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 7 जुलाई तक प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी:

अंबाला
यमुनानगर
कुरुक्षेत्र
कैथल
करनाल
पंचकूला
चंडीगढ़ से सटे क्षेत्र


तेज हवाएं भी चलेंगी

दक्षिण और पश्चिमी हरियाणा के हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, रोहतक, गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।