शुभम, जायसवाल, राजगढ़। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले से दर्दनाक खबर सामने आई है। जिले के पचोर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गुलखेड़ी में आकाशीय बिजली (गाज) गिरने से चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
बारिश से बचने के लिए पेड़ का लिया था सहारा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में अचानक शुरू हुई तेज बारिश से बचने के लिए दोनों युवक एक पेड़ के नीचे जाकर खड़े हो गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम और खराब हुआ और कड़कड़ाती हुई आकाशीय बिजली सीधे उसी पेड़ पर आ गिरी।
बिजली की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान विष्णु प्रसाद भिलाला (उम्र 45 वर्ष) चाचा और रामदयाल भिलाला (उम्र 25 वर्ष) भतीजे के रूप में हुई है।
सड़क हादसे में पीडब्ल्यूडी के SDO की मौतः तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे
पुलिस और प्रशासन मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पचोर थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। एक ही परिवार के दो लोगों की अचानक हुई इस मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौसम विभाग और प्रशासन हमेशा यह चेतावनी देता है कि बिजली कड़कने या तेज बारिश के दौरान भूलकर भी पेड़ों के नीचे या खुले मैदान में शरण न लें, क्योंकि पेड़ों पर आकाशीय बिजली गिरने का खतरा सबसे अधिक होता है।

