राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में रविवार को हुई बारिश के दौरान वज्रपात ने कहर बरपाया. अलग-अलग घटनाओं में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग झुलस गए. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. मौसम विभाग ने 27 जून तक विभिन्न क्षेत्रों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है.

खूंटी जिले के कर्रा और तोरपा क्षेत्र में आकाशीय बिजली की चपेट में आकर दो लोगों की मौत और आधा दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना से पूरे जिले में हड़कंप मच गया है.

खूंटी जिले के कर्रा प्रखंड से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है. क्रिकेट मैच के दौरान अचानक हुए आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए. कर्रा प्रखंड के कच्चाबारी पंचायत के पास पतराटोली गांव के मैदान में पतराटोली और लोधमा गांव लड़कें आपस में क्रिकेट मैच खेल रहे थे. उस क्रिकेट मैच को देखने के लिए भी  बड़ी संख्या में ग्रामीण और युवा मौजूद थे. 

क्रिकेट मैच के बीच में ही अचानक मौसम बहुत ज्यादा खराब हुआ, फिर मैच खेलना जारी रहा. इसी बीच अचानक तेज गर्जना के साथ भीषण वज्रपात हुआ, जिसने मैदान में मौजूद युवकों को अपनी चपेट में ले लिया.

इस घटना में पतराटोली निवासी 22 वर्षीय प्रेम बाखला की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि कुछ लोग घायल भी हो गए. घायलों को तत्काल बेहतर इलाज के लिए कर्रा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.

घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए आनन फानन में प्रेम बाखला सहित सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कर्रा पहुंचाया. जहां, चिकित्सकों ने प्रेम बाखला को मृत घोषित कर दिया.

वहीं, दो युवक अंकित बाखला और जवकीम मिंज गंभीर रूप से घायल हुए हैं. उन्हें बेहतर इलाज के लिए खूंटी से रांची के रिम्स अस्पताल रेफर किया गया है.

एक और दूसरी घटना भी खूंटी जिले के ही तोरपा थाना क्षेत्र से सामने आई, जहां हूसीर पंचायत के रोन्हे गांव में बारिश के बीच खेत में काम कर रहे निस्तार टोपनो नामक ग्रामीण की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m