सोनीपत: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई में हुई फायरिंग के मामले में हरियाणा का कनेक्शन सामने आया है। पुलिस ने राजस्थान के कोटा से तीन संदिग्धों को पकड़ा है। इनमें दो हरियाणा के बताए जा रहे हैं। इनमें एक युवक सोनीपत का रहने वाला है, जिसका नाम रेहान बताया गया है। तीसरा संदिग्ध बिहार का है। पकड़े गए तीनों में एक नाबालिग भी शामिल है।

सोनीपत के रेहान का नाम आया सामने

जानकारी के मुताबिक, सोनीपत निवासी रेहान के पिता का नाम रिशुद्दीन अंसारी बताया गया है। बिहार के बेगूसराय निवासी दूसरे आरोपी की पहचान रितिक कुमार के रूप में हुई है। उसके पिता का नाम रामू महतो बताया गया है। नाबालिग होने के कारण तीसरे संदिग्ध की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

जुहू में हुई थी सात राउंड फायरिंग

यह घटना मुंबई के जुहू इलाके की है। रविवार शाम तीन बाइक सवार हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की कार को निशाना बनाकर सात राउंड फायरिंग की थी। घटना के समय अभिनेता पुष्पा पार्क में आयोजित जन्मदिन समारोह से निकलने की तैयारी कर रहे थे। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे।

ड्राइवर और प्रशंसक को लगी थी गोली

गोलीबारी में टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर फिरदौस और वहां मौजूद प्रशंसक योगेश चव्हाण (28) को गोली लगी थी। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद मुंबई पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू की थी।

लॉरेंस गैंग से जुड़े लोगों ने ली जिम्मेदारी

इस मामले में लॉरेंस गैंग से जुड़े अनिल पंडित और हरमन संधु के नाम भी सामने आए हैं। दोनों की ओर से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। हालांकि, इस दावे और पकड़े गए संदिग्धों की भूमिका को लेकर जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है। फिलहाल, इस मामले में राजस्थान के कोटा से पकड़े गए तीनों संदिग्धों में दो का हरियाणा से संबंध सामने आने के बाद जांच का हरियाणा कनेक्शन भी अहम हो गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m